Search

लातेहार : ग्रामीणों ने कहा-दो युवकों को पकड़ने व लाठीचार्ज के कारण हुई पुलिस से झड़प

  • लातेहार : पुलिस व ग्रामीणों के बीच हिंसक झड़प,
  • SI समेत 15 जवान घायल
  • ग्रामीण भी चोटिल
  • पुलिस ने की हवाई फायरिंग

Latehar :  सदर थाना क्षेत्र के कैमा गांव में गुरुवार की देर रात पुलिस और ग्रामीणों के बीच हिसंक झड़प हुई. इस झड़प में एसआई समेत पुलिस के 15 जवान घायल हुए हैं.

 

इनमें से तीन जवानों को सदर अस्‍पताल में प्राथमिक इलाज कराने के बाद रिम्‍स रेफर कर दिया गया. इस झड़प में कई ग्रामीण भी घायल हुए हैं, जिनका इलाज गांव में ही कराया गया. 

 

 

 

दो युवकों को पकड़कर ले जा रही थी पुलिस

घटना के संबंध में कैमा गांव के सहावीर टाना भगत और दिनेश टाना भगत ने बताया कि पुलिस चार वाहनों में तुबेद गांव पहुंची थी और दो युवक विशेष टाना भगत और संदीप टाना भगत को पकड़ कर ले जा रही थी.

 

जब इस बात की जानकारी ग्रामीणों को हुई तो सभी एकजुट हो गये और दोनों युवक को छोड़ने की मांग की. इतने में पुलिस के दो वाहन दोनों युवकों को लेकर वहां से चली गयी.

 

वार्ता के बाद पुलिस ने दोनों ग्रामीणों को छोड़ा

तब ग्रामीणों ने पुलिस के दो वाहनों को गांव में रोक लिया और दोनों युवक को वापस लाने की मांग करने लगे. इतने में पुलिस जवानों से भरी एक बस के साथ दोनों युवको को गांव लाया गया. 

 

इसके बाद ग्रामीणों ने गांव के अखरा में बैठकर पुलिस से वार्ता की और फिर दोनों युवकों को छोड़ दिया. दोनों ने आगे बताया कि वार्ता के बाद पुलिस गांव से चली गयी. लेकिन एक जवान, जो काफी नशे में था, वह उनके साथ नहीं जा सका.

 

Uploaded Image

दिनेश टाना भगत

Uploaded Image

सहावीर टाना भगत

 

 

जवान को बंधक बनाने का आरोप लगाकर ग्रामीणों पर किया लाठीचार्ज 

टाना भगत ने आगे बताया कि पुलिस फिर से गांव आयी और उस जवान के बारे में पूछताछ करने लगी. पुलिस वालों ने आरोप लगाया कि ग्रामीणों ने एक जवान को बंधक बना लिया है और ग्रामीणों पर लाठी चार्ज कर दिया.

 

इसके बाद ग्रामीणों ने भी आत्मरक्षा में पुलिस पर हमला कर दिया. ग्रामीणों ने बताया कि पुलिस ने तीन राउंड हवाई फायरिंग भी की है. हालांकि समाचार लिखे जाने तक सदर थाना में इस घटना को लेकर प्राथमिक दर्ज नहीं की गयी थी.

Uploaded Image

 

घायल पुलिस के जवान 

इस घटना में पुलिस के 15 जवान घायल हुए हैं. घायल जवानों में एसआई धर्मवीर कुमार सिंह, सलेंद्र कुमार सिंह (आईआरबी), प्रेमचंद पांडेय (आईआरबी), रामकिशोर उरांव (जैप), विजय कुमार सिंह (आईआरबी) और तिलेश्फर लकड़ा (जैप) शामिल हैं.

 

इसके अलावा कन्हैया प्रसाद (आईआरबी), एसआई मोहन रविदास, एसआई रामाकांत गुप्‍ता, पुलिस लाइन के जवान राजेश झा, कृष्णा मुरारी, लोबिन मुर्मू, गिरिवर प्रसाद, सत्यम कुमार और जवाहर उरांव भी घायल हुए हैं.

 

इनमें से तीन जवानों सलेंद्र कुमार सिंह, तिलेस्‍फर लकड़ा और रामकिशोर उरांव को बेहतर इलाज के लिए रिम्‍स रेफर किया गया है. जबकि इस झड़प में संदीप उरांव, निरंजन उरांव समेत कई महिला व पुरूष ग्रामीण घायल हुए हैं. 

 

Uploaded Image

ड्रोन का इस घटना से कोई लेना देना नहीं है : ग्रामीण 

पुलिस का कहना है कि ग्रामीणों ने एक माह पहले कोयला खनन के लिए सर्वे करा रही कंपनी का ड्रोन जब्‍त कर लिया था. पुलिस गांव में उस ड्रोन को छुड़ाने गयी थी. इसी दौरान ग्रामीणों ने उन पर पत्‍थरों से हमला कर दिया.

 

हालांकि इस संबंध में जब ग्रामीणों से पूछा गया तो उन्होंने बताया कि ड्रोन का इस घटना से कोई लेना देना नहीं है. उन्‍होंने बताया कि ग्रामीणों ने एक डेढ़ महीने पहले कंपनी का ड्रोन जब्‍त किया था.

 

उनका कहना है कि कि अगर कंपनी ड्रोन खरीद की रसीद, ऑपरेटर का लाइसेंस और ग्रामसभा का अनुमति पत्र दिखा देती है तो उन्‍हें ड्रोन दे दिया जायेगा. ग्रामीणों ने बताया कि गुरूवार रात की घटना गांव के दो युवकों को पकड़ कर ले जाने और ग्रामीणों पर लाठीचार्ज करने के बाद घटी है. 

 

घटना के बाद पुलिस के वरीय अधिकारी गांव पहुंचे

गुरूवार की रात ग्रामीणों द्वारा पुलिस वाहन व पुलिस के अधिकारी व जवानों को रोक कर रखे जाने की सूचना मिलते ही पुलिस गांव पहुंची. एसडीपीओ अरविंद कुमार के नेतृत्‍व में महिला व पुरूष पुलिस बल रात में ही गांव में पहुंच गयी थी.

 

ग्रामीणों ने थाना प्रभारी प्रमोद कुमार सिन्‍हा व एसआई राजेश कुमार समेत कुल आठ जवानों को गांव में ही रोक कर रखा था. इस घटना के बाद पुलिस महकमा में हड़कंप मच गया.

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp