Ranchi News: डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय में आयोजित तीन दिवसीय युवा महोत्सव ‘स्पंदन’ का गुरुवार को समापन हो गया. महोत्सव के अंतिम दिन नृत्य, रचनात्मक कोरियोग्राफी और कार्टूनिंग जैसी प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया. समापन समारोह की अध्यक्षता कुलपति डॉ. राजीव मनोहर ने की.
इस मौके पर विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाते हुए कुलपति ने कहा, “सपने उनके पूरे होते हैं, जिनके सपनों में जान होती है. पंखों से कुछ नहीं होता, हौसलों से उड़ान होती है.” उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों की बहुआयामी प्रतिभा ने उन्हें प्रभावित किया है. विद्यार्थियों ने झारखंड की संस्कृति और विरासत को आत्मसात कर अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से इसे प्रदर्शित किया. उन्होंने प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों के अनुशासन और प्रतिभा की सराहना की.
इसे भी पढ़ें:
महोत्सव के तीसरे दिन शास्त्रीय नृत्य, लोक नृत्य और क्रिएटिव कोरियोग्राफी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं. शास्त्रीय नृत्य में तीन प्रतिभागियों ने अलग-अलग प्रस्तुतियां दीं. इनमें दादरा ताल, गरबा और लावणी जैसे नृत्य शामिल रहे. वहीं, लोक नृत्य प्रतियोगिता में पांच समूहों ने हिस्सा लिया. छात्राओं ने ढोल-नगाड़े की थाप पर झारखंड की लोक संस्कृति और छऊ नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं.

कुलपति के साथ प्रतिभागी
क्रिएटिव कोरियोग्राफी प्रतियोगिता में छह समूहों ने भाग लिया. इसमें भगवान राम के अयोध्या लौटने, छठ पूजा, चार युगों का महत्व और किसानों की मेहनत जैसे विषयों पर प्रस्तुतियां दी गईं. इसके अलावा कार्टूनिंग प्रतियोगिता भी आयोजित हुई. इसमें 31 प्रतिभागियों ने कैंपस लाइफ और परीक्षा के तनाव जैसे विषयों पर अपनी कल्पनाशीलता को चित्रों के माध्यम से उकेरा.
समापन समारोह में डॉ. गीतांजलि सिंह ने तीन दिवसीय युवा महोत्सव की रिपोर्ट प्रस्तुत की. उन्होंने बताया कि इस आयोजन में विश्वविद्यालय के लगभग 30 विभागों के 535 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया. इसके बाद विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं की घोषणा की गई. कुलपति डॉ. राजीव मनोहर और विभिन्न समितियों के समन्वयकों ने विजेताओं को पुरस्कृत किया.
कार्यक्रम का संचालन डॉ. मनीष मिश्रा ने किया. महोत्सव को सफल बनाने में आयोजन समिति, विभिन्न कमेटियों के समन्वयकों और सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही. यह जानकारी विश्वविद्यालय के निदेशक जनसंपर्क डॉ. राजेश कुमार सिंह ने दी.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

