Search

 
 
 

दुमका :  पुलिस की निगरानी से लाखों का प्रतिबंधित कफ सीरप 'कोरेक्स' चोरी, मचा हड़कंप

जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में पुलिस की निगरानी में जब्त किए गए लाखों रुपये मूल्य के प्रतिबंधित कफ सीरप कोरेक्स की चोरी हो गई है. चोरी की इस वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया है.
 

Dumka :  जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में पुलिस की निगरानी में जब्त किए गए लाखों रुपये मूल्य के प्रतिबंधित कफ सीरप कोरेक्स की चोरी हो गई है. चोरी की इस वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया है. पुलिस ने जिस कमरे को सील कर अपना ताला लगाया था, उस कमरे का ताला खोल शातिर माफियाओं ने न केवल माल गायब कर दिया, बल्कि सबूत मिटाने के लिए वहां दूसरा ताला भी लगा दिया.

 

माल चोरी कर लगा दिया दूसरा ताला

दरअसल मुफस्सिल थाना पुलिस ने गत 16 दिसंबर को दुमका के कुसुमडीह स्थित एक कमरे से भारी मात्रा में प्रतिबंधित कफ सीरप कोरेक्स की खेप जब्त की थी. नियमानुसार कार्रवाई करते हुए पुलिस ने जब्त माल को मौके पर ही सुरक्षित रखने का निर्णय लिया और कमरे के शटर पर अपना ताला लगाकर उसे सील कर दिया था. 

 

बताया जाता है कि यह कमरा पुलिस की निगरानी में था. इसके बावजूद शनिवार की देर रात कफ सीरप के माफियाओं ने इस चोरी की घटना को अंजाम दिया. उन्होंने शटर में लगे पुलिस के ताले को बड़ी सफाई से खोला और कमरे के अंदर रखे सारे प्रतिबंधित कफ सीरप कोरेक्स की बोतलें गायब कर दीं.

 

चोरी के बाद माफियाओं ने चालाकी दिखाते हुए पुलिस का ताला हटाकर वहां दूसरा ताला लगा दिया, ताकि किसी को शक न हो.  सोमवार सुबह स्थानीय लोगों को जब इस चोरी की भनक लगी, तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना की पुलिस, अंचल अधिकारी (सीओ) और ड्रग विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे.

 

सभी अधिकारियों की मौजूदगी में शटर पर लगे ताले को तोड़ा गया. अंदर जाने पर कमरा पूरी तरह खाली मिला और लाखों रुपये मूल्य का जब्त प्रतिबंधित कफ सिरप गायब पाया गया. इस घटना के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं. पुलिस इस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है. 

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही