Search

 
 
 

Dumka News : BJP विधायक के रसोइये का शव फंदे से लटकता मिला, देवेंद्र कुंवर समेत 9 पर FIR

Dumka News : जरमुंडी से भाजपा विधायक देवेंद्र कुंवर के रसोइये की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. सोनू राउत का शव कमरे में पंखे से लटकता मिला है. मामले में विधायक समेत नौ लोगों पर केस दर्ज किया गया है.
 
जरमुंडी से BJP विधायक देवेंद्र कुंवर

Dumka News :  हंसडीहा थाना क्षेत्र के नौनीहाट स्थित डाक बंगला परिसर में जरमुंडी विधायक देवेंद्र कुंवर के रसोइये सोनू राउत की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. उसका शव कमरे में पंखे से लटका मिला है. घटना के बाद मृतक के परिजनों ने हत्या कर शव को फंदे से लटकाने का आरोप लगाया है. मामले में विधायक देवेंद्र कुंवर समेत नौ लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई है. एसपी पीतांबर सिंह खेरवार ने प्राथमिकी दर्ज होने की पुष्टि की है.

 

परिजनों का आरोप, हत्या के बाद शव लटकाया

मृतक के परिजनों ने पुलिस को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि सोनू ने आत्महत्या नहीं की, बल्कि उसकी हत्या करने के बाद शव को फंदे से लटकाकर घटना को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई. प्राथमिकी में विधायक के परिवार और उनके निजी स्टाफ से जुड़े लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है.

 

नामजद लोगों में विधायक देवेंद्र कुंवर, उनकी पत्नी, बेटा रवि कुमार, बेटे की पत्नी, विधायक के साला मिथिलेश कुमार सिंह, सरहज, सरहज के बेटे, निजी चालक और निजी स्टाफ से जुड़े व्यक्ति शामिल हैं. हालांकि पुलिस ने अभी इन आरोपों की पुष्टि नहीं की है. मामले की जांच जारी है.

 

 

 

जांच के बाद ही साफ होगी मौत की वजह : एसपी 

एसपी पीतांबर सिंह खेरवार ने कहा कि घटनास्थल की परिस्थितियों के आधार पर फिलहाल यह तय नहीं किया जा सकता कि सोनू की मौत हत्या है या आत्महत्या. पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और अनुसंधान में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी. एसपी ने खुद घटनास्थल का निरीक्षण किया. फोरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

 

दो महीने से विधायक के घर कर रहा था काम

सोनू राउत देवघर जिले के सारवां थाना क्षेत्र के दोयम तेलियाडीह गांव का रहने वाला था. वह करीब दो महीने से नौनीहाट स्थित विधायक के यहां रसोइये का काम कर रहा था. मनसा पूजा के दौरान वह अपने गांव गया था और शनिवार को ही वापस नौनीहाट लौटा था.

 

परिजनों के अनुसार, सोमवार सुबह सोनू ने नाश्ता तैयार किया था. इसके बाद वह अपने कमरे में चला गया. दोपहर में खाना बनाने के लिए जब उसकी तलाश की गई तो कमरे में उसका शव पंखे से लटका मिला. इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई.

 

बेटे की मौत की खबर के बाद पिता ने खाया जहरीला पदार्थ

सोनू की मौत की खबर मिलने के बाद उसके पिता अनिल राउत ने जहरीला पदार्थ खा लिया था. घटना के बाद परिजनों ने उन्हें सदर अस्पताल में भर्ती कराया था. बाद में परिजन बिना अस्पताल को सूचना दिए उन्हें बेहतर इलाज के लिए दूसरी जगह ले गए. अस्पताल प्रबंधन ने बिना सूचना मरीज को ले जाने के कारण उन्हें LAMA (Left Against Medical Advice) घोषित कर दिया.

 

संताल परगना में भाजपा के एकमात्र विधायक हैं देवेंद्र कुंवर

देवेंद्र कुंवर जरमुंडी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के विधायक हैं. हालिया विधानसभा चुनाव में संताल परगना की 18 विधानसभा सीटों में भाजपा की ओर से जीत दर्ज करने वाले वे एकमात्र विधायक रहे. वे लगातार तीसरी बार विधानसभा पहुंचे हैं. 

 

फिलहाल पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. पोस्टमार्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट के साथ पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही सोनू की मौत की वास्तविक वजह सामने आने की उम्मीद है. (झारखंड की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें...)

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही