Search

 
 
 

रांची में दुर्गा पूजा पंडालों की धूम, कहीं मंदिरों की भव्यता, कहीं आदिवासी संस्कृति की झलक

Ranchi News : बकरी बाजार में भारतीय युवा संघ की ओर से तमिलनाडु के प्रसिद्ध बृहदेश्वर मंदिर की तर्ज पर भव्य पूजा पंडाल बनाया गया है. पंडाल में मां दुर्गा के साथ माता लक्ष्मी, माता सरस्वती, भगवान गणेश और कार्तिकेय की आकर्षक प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं.
 
बृहदेश्वर मंदिर की थीम पर बकरी बाजार पंडाल
  • झूलों और जायके का भी उठाएं लुत्फ
  • बकरी बाजार में मौत का कुआं और ब्रेक डांस
  • जिला स्कूल में 50 रुपये से झूलों का आनंद
  • रेलवे स्टेशन के बाहर फास्टफूड की भरमार

Ranchi News : दुर्गा पूजा का उत्साह चरम पर है. मां दुर्गा के दर्शन के लिए हर दिन श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है. शहर के प्रमुख पूजा पंडाल अपनी भव्य सजावट, अनूठी थीम और आकर्षक प्रतिमाओं से लोगों का ध्यान खींच रहे हैं. कहीं दक्षिण भारत के प्रसिद्ध मंदिर की झलक देखने को मिल रही है, तो कहीं वाराणसी के आध्यात्मिक वैभव और आदिवासी संस्कृति की झलक श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रही है.

 

इसे भी पढ़ें...

 

पूजा घूमने निकलने वालों के लिए खास बात यह है कि दर्शन के साथ मनोरंजन और जायके का भी भरपूर इंतजाम है. बकरी बाजार, जिला स्कूल, कोकर और रेलवे स्टेशन के पूजा पंडालों में क्या खास है और कहां क्या मिलेगा, जानिए पूरी जानकारी.

Uploaded Image

मनोरंजन के लिए लगाए गए झूले


बकरी बाजार : बृहदेश्वर मंदिर की भव्यता, मौत का कुआं और ब्रेक डांस का रोमांच

बकरी बाजार में भारतीय युवा संघ की ओर से तमिलनाडु के प्रसिद्ध बृहदेश्वर मंदिर की तर्ज पर भव्य पूजा पंडाल बनाया गया है. पंडाल में मां दुर्गा के साथ माता लक्ष्मी, माता सरस्वती, भगवान गणेश और कार्तिकेय की आकर्षक प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं.

 

मंदिर की स्थापत्य शैली और भव्य सजावट श्रद्धालुओं के लिए खास आकर्षण बनी हुई है. यहां धार्मिक माहौल के साथ मनोरंजन का भी पूरा इंतजाम है. बड़े झूले, पंखे वाले झूले, ड्रैगन झूले, ब्रेक डांस और मछली वाले झूलों के अलावा मौत का कुआं लोगों को रोमांचित करने के लिए मौजूद है. 

 

बच्चों से लेकर बड़ों तक के लिए यहां मनोरंजन के कई साधन हैं. खाने-पीने के शौकीनों के लिए भी बकरी बाजार में फास्टफूड की कई दुकानें सजी हैं. जूस, आइसक्रीम, पनीर अफगानी सैंडविच और किशमिश समेत कई खाद्य पदार्थों का स्वाद लिया जा सकता है यानी यहां दर्शन, रोमांच और जायके का एक साथ आनंद उठाया जा सकता है.

 

जिला स्कूल : वाराणसी के स्वर्वेद महामंदिर की झलक, 50 रुपये से झूलों का आनंद

रामलला दुर्गा पूजा समिति की ओर से जिला स्कूल परिसर में इस बार वाराणसी के स्वर्वेद महामंदिर की तर्ज पर पंडाल तैयार किया गया है. समिति का यह तीसरा वर्ष है और इस बार की थीम श्रद्धालुओं के बीच आकर्षण का केंद्र बनी हुई है. पंडाल में दर्शन के बाद बच्चे और बड़े विभिन्न प्रकार के झूलों का आनंद ले सकते हैं.

 

यहां रेलगाड़ी, नाव, कार, स्कॉर्पियो, छिपकली, डिस्को और डांसिंग फ्लावर जैसे झूले लगाए गए हैं. झूलों के टिकट की कीमत 50 से 100 रुपये तक बताई गई है. खाने-पीने के लिए भी यहां कई स्टॉल हैं. सोया चाप 150 रुपये, गुलाब जामुन 50 रुपये, छोला कुलचा 200 रुपये, पनीर चिली 200 रुपये में 10 पीस, छोला भटूरा 150 रुपये, वेज चाउमिन 150 रुपये प्लेट और सांभर वड़ा 100 रुपये में दो पीस उपलब्ध हैं. ऐसे में परिवार के साथ पूजा घूमने और स्ट्रीट फूड का स्वाद लेने वालों के लिए जिला स्कूल का पंडाल अच्छा विकल्प है.

 

कोकर : आदिवासी संस्कृति की झलक, झूलों का आनंद और सड़क किनारे खाने के स्टॉल

कोकर दुर्गा पूजा कमेटी ने इस बार पंडाल की थीम में आदिवासी संस्कृति और परंपरा को प्रमुखता दी है. प्रवेश द्वार को आकर्षक रोशनी से सजाया गया है. पंडाल की सजावट में स्थानीय सांस्कृतिक पहचान को सामने लाने का प्रयास किया गया है. यहां पांच से छह तरह के झूले लगाए गए हैं, जिनमें कार, स्कॉर्पियो और नाव वाले झूले शामिल हैं.

 

हालांकि, पंडाल परिसर के भीतर फास्टफूड के स्टॉल नहीं लगाए गए हैं. खाने-पीने के लिए श्रद्धालुओं को सड़क किनारे सजे स्टॉलों का रुख करना होगा, जहां विभिन्न प्रकार के व्यंजन उपलब्ध हैं. जो लोग धार्मिक उत्सव के साथ आदिवासी संस्कृति और परंपरा को करीब से देखना चाहते हैं, उनके लिए कोकर का पंडाल खास आकर्षण हो सकता है.

 

रेलवे स्टेशन : भगवान विष्णु के वामन अवतार के दर्शन, बाहर फास्टफूड की लंबी कतार

रेलवे स्टेशन दुर्गा पूजा पंडाल में भगवान विष्णु के वामन अवतार की झलक प्रस्तुत की गई है. इसके साथ ही पंडाल में केरल की संस्कृति और ओणम पर्व की थीम को भी दर्शाया गया है. महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग प्रवेश द्वार बनाए गए हैं. यहां झूलों की व्यवस्था नहीं है, लेकिन पंडाल के बाहर खाने-पीने के शौकीनों के लिए कई विकल्प मौजूद हैं.

 

सड़क किनारे एक कतार में सैकड़ों फास्टफूड दुकानें सजाई गई हैं. यहां चाय, धुस्का, चाउमिन, रोल, आइसक्रीम, छोला भटूरा, भेलपुरी, पॉपकॉर्न, मोमो और पनीर समेत कई व्यंजन मिल रहे हैं. खाद्य पदार्थों की कीमतें लगभग 50 से 150 रुपये तक बताई गई हैं.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही