Ranchi : प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बांग्लादेशी सेक्स रैकेट में शामिल तिर्की दंपती की बेशकीमती फ्लैट भी जब्त कर ली है. यह फ्लैट मोरहाबादी के PABBLE BAY COMPLEX में है. बांग्लादेशी सेक्स रैकेट में आगे की जांच के लिए ईडी को माइकल जोसेफ तिर्की और मोना तिर्की की तलाश है. लेकिन वे अपने ठिकानों से गायब हैं.
इसे भी पढ़ें...
बांग्लादेशी सेक्स रैकेट की जांच के दौरान ईडी को माइकल जोसेफ तिर्की और उसकी पत्नी मोनी तिर्की की गतिविधियों की जानकारी मिली. इस दंपती द्वारा बांग्लादेशी लड़कियों को रांची में अनैतिक कार्यों के लिए जगह सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध करायी जाती थी और इसके बदले मोटी रकम वसूली जाती थी.
इन प्रारंभिक सूचनाओं की जांच के लिए ईडी ने इन्हें समन भेजा. लेकिन वे कभी पूछताछ के लिए ईडी अधिकारियों के सामने हाजिर नहीं हुए. तिर्की दंपती ने ईडी के समन का सामना करने के बदले कोर्ट का रूख किया. हालांकि निचली अदालतों ने उनकी याचिकाएं खारिज कर दी. फिलहाल तिर्की दंपती अपने ठिकानों से गायब बताये जाते हैं.
ईडी ने इस दंपती के बैंक खातों और संपत्ति की जांच की. इस दौरान सेक्स रैकेट से हुई अवैध कमाई से संपत्ति खरीदे जाने की पुष्टि हुई. इसके बाद ईडी ने इन दोनों के नाम से अर्जित की गयी संपत्ति को जब्त कर लिया है. जब्त की गयी संपत्ति में रांची सदर और नामकुम थाना क्षेत्र में खरीदी गयी जमीन के अलावा PABBLE BAY COMPLEX में एक फ्लैट शामिल है.
तिर्की दंपती की जब्त संपत्ति का ब्योरा
- सदर थाना क्षेत्र के मौजा तिरिल की छह कट्ठा जमीन (खाता नंबर 102, प्लॉट नंबर 517)
- सदर थाना क्षेत्र के मौजा तिरिल की दो कट्ठा जमीन (खाता नंबर 120, प्लॉट नंबर 543)
- सदर थाना क्षेत्र के मौजा तिरिल की पांच कट्ठा जमीन (खाता नंबर 53, प्लॉट 665,666)
- नामकुम थाना क्षेत्र के मौजा सिलवई की 1.14 एकड़ जमीन (खाता नंबर 126, प्लॉट 214, 2155)
- नामकुम थाना क्षेत्र के मौजा सिलवई की 2.40 एकड़ जमीन (खाता नंबर 128, प्लॉट 2123, 2149)
- मौजा मोरहाबादी के PABBLE BAY COMPLEX के E ब्लॉक का फ्लैट नंबर 604

