Search

 
 
 

Education News : DSPMU में 1300 छात्रों का ‘ईयर बैक’, आक्रोशित छात्रों ने किया हंगामा व तालाबंदी

DSPMU में आज बड़ी संख्या में छात्रों और आजसू छात्र संघ के कार्यकर्ताओं ने कॉलेज प्रशासनिक भवन में विरोध प्रदर्शन करते हुए तालाबंदी कर दी.
 

Ranchi : DSPMU में आज बड़ी संख्या में छात्रों और आजसू छात्र संघ के कार्यकर्ताओं ने कॉलेज प्रशासनिक भवन में विरोध प्रदर्शन करते हुए तालाबंदी कर दी. छात्रों का आरोप है कि विश्वविद्यालय द्वारा जारी हालिया परिणाम में करीब 1300 छात्रों को ‘ईयर बैक’ दे दिया गया है, जिससे उनका भविष्य अधर में लटक गया है.

 

प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन पर नई शिक्षा नीति (NEP 2020) के नाम पर छात्रों के भविष्य के साथ प्रयोग करने का आरोप लगाया. छात्रों का कहना है कि न तो शिक्षकों को और न ही प्रशासन को एनईपी के पाठ्यक्रम और परीक्षा प्रणाली की स्पष्ट जानकारी है. उनका आरोप है कि परीक्षा से महज कुछ दिन पहले एमडीसी और माइनर विषयों की जानकारी दी जाती है, जिससे तैयारी करना मुश्किल हो जाता है.

 

छात्रों ने यह भी आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय में रिजल्ट प्रक्रिया पूरी तरह अव्यवस्थित हो चुकी है. कई छात्र फिलहाल पांचवें सेमेस्टर की पढ़ाई कर रहे हैं, लेकिन उनका पहले सेमेस्टर का परिणाम अब तक लंबित है. बैक-पेपर परीक्षा देने वाले छात्रों का कहना है कि उन्हें उन विषयों की भी परीक्षा देनी पड़ी, जिनमें वे पहले ही पास हो चुके थे. इतना ही नहीं, बैक-पेपर के रिजल्ट में वे उन्हीं विषयों में फेल घोषित कर दिए गए.

 

छात्रों के अनुसार, कई मामलों में कॉलेजों द्वारा मिड-सेम परीक्षा आयोजित नहीं किए जाने का खामियाजा छात्रों को भुगतना पड़ रहा है. छात्रों ने आरोप लगाया कि जब उन्होंने परीक्षा नियंत्रक से शिकायत की, तो उन्हें इसे सिस्टम और एनईपी के एक्सपेरिमेंट का हिस्सा बताया गया.

 

आंदोलनरत छात्रों ने यह भी कहा कि विश्वविद्यालय के कई विभागों में वर्षों से स्थायी एचओडी नहीं हैं, जिससे उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है. लगातार आश्वासन के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से नाराज छात्रों ने प्रशासनिक भवन में तालाबंदी कर दी.

 

छात्रों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही ‘ईयर बैक’ वापस लेकर उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा. छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन और कुलपति से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है.

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही