Search

 
 
 

Education News : CBSE कक्षा 10वीं दूसरी बोर्ड परीक्षा का परिणाम घोषित, 59.95% छात्रों ने सुधारा प्रदर्शन

New Delhi : केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने कक्षा 10वीं की दूसरी बोर्ड परीक्षा 2026 का परिणाम घोषित कर दिया है. छात्र अपना रिजल्ट DigiLocker Results Portal (results.digilocker.gov.in) के माध्यम से देख सकते हैं.
 

New Delhi : केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने कक्षा 10वीं की दूसरी बोर्ड परीक्षा 2026 का परिणाम घोषित कर दिया है. छात्र अपना रिजल्ट DigiLocker Results Portal (results.digilocker.gov.in) के माध्यम से देख सकते हैं. 


राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 के तहत वर्ष 2026 से कक्षा 10 के लिए दो बोर्ड परीक्षाओं की व्यवस्था लागू की गई है. मुख्य बोर्ड परीक्षा 17 फरवरी से 11 मार्च 2026 तक आयोजित हुई थी, जबकि दूसरी बोर्ड परीक्षा 15 मई से 21 मई 2026 के बीच संपन्न हुई.


CBSE ने बताया कि दूसरी बोर्ड परीक्षा का उद्देश्य मुख्य परीक्षा में शामिल विद्यार्थियों को अपने प्रदर्शन में सुधार का एक अतिरिक्त अवसर देना था. नियमित छात्रों के लिए अंतिम परिणाम तैयार करते समय दोनों परीक्षाओं में से बेहतर प्रदर्शन को मान्यता दी गई है.


दूसरी बोर्ड परीक्षा 2026 के प्रमुख आंकड़े

पंजीकृत अभ्यर्थी: 6,64,027
परीक्षा में शामिल हुए: 6,63,777
प्रदर्शन सुधार (Improvement) के लिए शामिल छात्र: 5,13,955
मुख्य परीक्षा की तुलना में प्रदर्शन सुधारने वाले छात्र: 3,08,095 (59.95%)
कंपार्टमेंट श्रेणी में शामिल छात्र: 1,49,822
कंपार्टमेंट में सफल छात्र: 78,503 (52.40%)
मुख्य और दूसरी बोर्ड परीक्षा के संयुक्त परिणाम के बाद कुल उत्तीर्ण प्रतिशत: 96.78%

वर्ष 2025 में कंपार्टमेंट श्रेणी का उत्तीर्ण प्रतिशत 48.68% था, जबकि इस वर्ष यह बढ़कर 52.40% हो गया है.


स्कूलों और छात्रों के लिए व्यवस्था
बोर्ड ने बताया कि स्कूल-वार परिणाम पंजीकृत ईमेल आईडी पर भेजे जाएंगे. स्कूल CBSE द्वारा उपलब्ध कराए गए क्रेडेंशियल्स के माध्यम से छात्रों के डिजिटल शैक्षणिक दस्तावेज भी प्राप्त कर सकेंगे. विदेश स्थित CBSE संबद्ध स्कूलों के छात्र भी DigiLocker के जरिए अपना परिणाम और डिजिटल दस्तावेज डाउनलोड कर सकेंगे.


नियमित विद्यार्थियों की मुद्रित अंकतालिका और उत्तीर्ण प्रमाणपत्र संबंधित स्कूलों के माध्यम से उपलब्ध कराए जाएंगे. वहीं, निजी (Private) अभ्यर्थियों को डिजिटल दस्तावेज DigiLocker पर उपलब्ध होंगे और मुद्रित दस्तावेज उनके पंजीकृत पते पर भेजे जाएंगे.


CBSE ने कहा है कि पुनर्मूल्यांकन, सत्यापन और अन्य पोस्ट-रिजल्ट सेवाओं से संबंधित जानकारी अलग से आधिकारिक परिपत्र के माध्यम से जारी की जाएगी. बोर्ड ने छात्रों और अभिभावकों से अपील की है कि वे परिणामों से जुड़ी किसी भी जानकारी के लिए केवल CBSE के आधिकारिक माध्यमों पर ही भरोसा करें.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही