Search

 
 
 

Education News : मारवाड़ी महाविद्यालय में डॉ. रंजु लाल को दी गई भावभीनी विदाई

मारवाड़ी महाविद्यालय के महिला प्रभाग की प्रोफेसर इंचार्ज व संस्कृत विभाग की सहायक प्राध्यापिका डॉ. रंजु लाल को उनकी सेवानिवृत्ति के अवसर पर महाविद्यालय में आयोजित एक गरिमामय समारोह में भावभीनी विदाई दी गई.
 

Ranchi : मारवाड़ी महाविद्यालय के महिला प्रभाग की प्रोफेसर इंचार्ज व संस्कृत विभाग की सहायक प्राध्यापिका डॉ. रंजु लाल को उनकी सेवानिवृत्ति के अवसर पर महाविद्यालय में आयोजित एक गरिमामय समारोह में भावभीनी विदाई दी गई. संस्कृत विभाग की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ उनके शैक्षणिक व प्रशासनिक योगदान को याद किया गया.

 

समारोह का शुभारंभ छात्राओं मनीषा कुमारी व मीनाक्षी कुमारी द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना से हुआ. इसके बाद विभाग के छात्रों विकास और आशुतोष ने गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम को भावुक बना दिया.

 

मुख्य अतिथि व महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. मनोज कुमार ने कहा कि डॉ. रंजु लाल की कार्यनिष्ठा, अनुशासनप्रियता और विद्यार्थियों के प्रति समर्पण सभी के लिए प्रेरणास्रोत है. उन्होंने महिला प्रभाग की प्रोफेसर इंचार्ज के रूप में संवेदनशील व कुशल प्रशासन का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया. उन्होंने विद्यार्थियों से उनके आदर्शों का अनुसरण करने का आह्वान किया.

 

डीएसडब्ल्यू डॉ. तरुण चक्रवर्ती ने कहा कि डॉ. रंजु लाल ने अपने लंबे शैक्षणिक जीवन में समर्पण, अनुशासन और सादगी का अनुकरणीय उदाहरण पेश किया है. उनका शिक्षण और विद्यार्थियों के प्रति आत्मीय व्यवहार हमेशा याद रखा जाएगा.

 

कॉमर्स विभाग के वरीय शिक्षक एवं सिद्धो-कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय के पूर्व कुलसचिव डॉ. आर.आर. शर्मा ने कहा कि डॉ. रंजु लाल का व्यक्तित्व सौम्यता, सादगी और कर्तव्यनिष्ठा का अद्भुत संगम है. उन्होंने अपने उत्कृष्ट कार्य और सहज व्यवहार से सहकर्मियों व विद्यार्थियों के बीच विशेष सम्मान अर्जित किया.

 

अपने संबोधन में डॉ. रंजु लाल ने कहा कि मारवाड़ी महाविद्यालय उनके लिए हमेशा एक परिवार की तरह रहेगा. उन्होंने सहकर्मियों, विद्यार्थियों और महाविद्यालय प्रशासन के सहयोग व स्नेह के लिए सभी का आभार व्यक्त करते हुए संस्थान की निरंतर प्रगति की कामना की.

 

कार्यक्रम में उनके पति, पुत्री और दामाद ने भी अपने विचार साझा किए. उन्होंने डॉ. रंजु लाल की जीवन यात्रा पर गर्व व्यक्त करते हुए महाविद्यालय परिवार द्वारा दिए गए सम्मान के लिए धन्यवाद दिया.संस्कृत विभाग के छात्र सुमित कुमार, विपुल दूबे और मनीषा कुमारी ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए डॉ. रंजु लाल के स्नेहपूर्ण मार्गदर्शन और प्रेरणादायी व्यक्तित्व को याद किया.

 

कार्यक्रम का संचालन डॉ. राहुल कुमार ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन जयप्रकाश रजक ने दिया. कार्यक्रम की सफलता में सुमित कुमार, आशुतोष कुमार, विपुल कुमार और मनीषा कुमारी सहित अन्य छात्रों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.

 

इस अवसर पर सुमन चौबे, डॉ. सुनीति नायक, डॉ. रीना माथुरी, डॉ. तमन्ना सिंह, डॉ. आशा होरो, डॉ. अनुजा विवेक, डॉ. (लेफ्टी) अवध बिहारी महतो, डॉ. सीमा चौधरी, डॉ. सुमंती तिर्की, संगीता तिग्गा, डॉ. अशोक कुमार महतो, डॉ. अनुभूति श्रीवास्तव, डॉ. लता, डॉ. अभिषेक आर्यन, विनोद कुमार सहित महाविद्यालय के अनेक शिक्षक, कर्मचारी और संस्कृत विभाग के छात्र-छात्राएं उपस्थित थे.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही