Search

 
 
 

Education News :CUJ में PG  की 171 रिक्त सीटों पर दूसरे चरण की काउंसलिंग शुरू, 15 जुलाई तक करें आवेद

केंद्रीय विश्वविद्यालय झारखंड (सीयूजे) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के स्नातकोत्तर (पीजी) पाठ्यक्रमों की रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए दूसरे चरण की ऑनलाइन काउंसलिंग प्रक्रिया शुरू कर दी है.
 
झारखंड की खबरें

Ranchi : केंद्रीय विश्वविद्यालय झारखंड (सीयूजे) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के स्नातकोत्तर (पीजी) पाठ्यक्रमों की रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए दूसरे चरण की ऑनलाइन काउंसलिंग प्रक्रिया शुरू कर दी है. 

 

 

इच्छुक व पात्र अभ्यर्थी 8 जुलाई से 15 जुलाई, 2026 तक ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं. यह अवसर उन अभ्यर्थियों के लिए है, जो पहले चरण में प्रवेश नहीं ले सके थे, लेकिन सीयूईटी (पीजी)-2026 में संबंधित विषय में योग्य घोषित हुए हैं.

 

विश्वविद्यालय की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, दूसरे चरण की काउंसलिंग केवल उन पाठ्यक्रमों और आरक्षण श्रेणियों के लिए आयोजित की जा रही है, जहां प्रतीक्षा सूची (वेटिंग लिस्ट) पूरी तरह समाप्त हो चुकी है.संबंधित मैप्ड विषय में सीयूईटी (पीजी)-2026 उत्तीर्ण करने वाले और निर्धारित पात्रता मानदंड पूरा करने वाले अभ्यर्थी इस प्रक्रिया में भाग ले सकते हैं.सीयूजे ने 7 जुलाई, 2026 तक की डायनेमिक रिक्त सीटों की सूची भी जारी की है. इसके अनुसार विभिन्न पीजी कार्यक्रमों में कुल 171 सीटें उपलब्ध हैं. इनमें सबसे अधिक एम.कॉम में 37 सीटें रिक्त हैं. 

 

इसके अलावा लोक प्रशासन में 30, अंग्रेजी में 20, सांख्यिकी में 15, थिएटर आर्ट्स में 14, रसायन विज्ञान में 13, वोकल म्यूजिक में 12, जियोइन्फॉर्मेटिक्स में 10, तिब्बती भाषा में 7, एमबीए में 6, भूविज्ञान में 4, राजनीति विज्ञान (अंतरराष्ट्रीय संबंध विशेषज्ञता) में 2 तथा बी.एड. (भाषा) में 1 सीट उपलब्ध है. वहीं बी.एड. के लाइफ साइंस, सोशल साइंस तथा फिजिकल साइंस एवं गणित विषयों में फिलहाल कोई सीट रिक्त नहीं है.

 

विश्वविद्यालय प्रशासन ने बताया कि रिक्त सीटों की सूची डायनेमिक है और प्रवेश प्रक्रिया के दौरान इसमें बदलाव संभव है. इसलिए अभ्यर्थियों को आवेदन करने से पहले विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध नवीनतम सीटों की स्थिति अवश्य जांचनी चाहिए.

 

इसके अलावा, जिन अभ्यर्थियों ने पहले ऑनलाइन काउंसलिंग के लिए पंजीकरण कराया था और जिनका नाम 19 जून, 2026 को जारी पंजीकृत अभ्यर्थियों की सूची में शामिल था, लेकिन वे दस्तावेज सत्यापन के लिए निर्धारित तिथि पर उपस्थित नहीं हो सके थे, उन्हें दोबारा ऑनलाइन पंजीकरण करने की आवश्यकता नहीं है. ऐसे अभ्यर्थियों को केवल रिक्त सीटों के अनुरूप निर्धारित गूगल फॉर्म भरना होगा.

 

विश्वविद्यालय ने सभी पात्र अभ्यर्थियों से अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय पर पंजीकरण करने तथा प्रवेश से जुड़े सभी अद्यतन विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर नियमित रूप से देखने की अपील की है.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही