Search

 
 
 

Education News : NEET-UG व UGC NET पेपर लीक को लेकर रांची में छात्रों का उग्र प्रदर्शन

NEET-UG, UGC NET एवं अन्य राष्ट्रीय परीक्षाओं में कथित पेपर लीक और धांधली के खिलाफ आईसा छात्र संघ और युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लालपुर और फिरायालाल चौक पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया. इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन कर केंद्र सरकार और राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) के खिलाफ जमकर नारेबाजी की.
 

Ranchi : NEET-UG, UGC NET एवं अन्य राष्ट्रीय परीक्षाओं में कथित पेपर लीक और धांधली के खिलाफ आईसा छात्र संघ और युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लालपुर और फिरायालाल चौक पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया. इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन कर केंद्र सरकार और राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) के खिलाफ जमकर नारेबाजी की.

 

प्रदर्शन में शामिल छात्रों ने कहा कि NEET जैसी महत्वपूर्ण परीक्षा की तैयारी में छात्र कई वर्षों तक कठिन मेहनत करते हैं. कई परीक्षार्थी प्रतिदिन 10 से 12 घंटे पढ़ाई कर अपने और अपने परिवार के सपनों को पूरा करने का प्रयास करते हैं, लेकिन बार-बार हो रहे पेपर लीक और अव्यवस्था के कारण मेधावी छात्र अपनी योग्य सीटों से वंचित रह जा रहे हैं.

Uploaded Image

छात्रों ने आरोप लगाया कि मौजूदा व्यवस्था में पैसे और पहुंच रखने वाले लोग लाखों रुपये देकर मेडिकल सीटें हासिल कर लेते हैं, जबकि मेहनती और गरीब तबके के छात्र लगातार नुकसान झेल रहे हैं. प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यह सिर्फ परीक्षा में गड़बड़ी का मामला नहीं, बल्कि लाखों युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ है.

 

प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) को पूरी तरह विफल बताते हुए उस पर प्रतिबंध लगाने की मांग की. छात्रों ने तंज कसते हुए कहा कि अब NTA का नाम “नेशनल ट्रॉमा एजेंसी” रख देना चाहिए, क्योंकि इसकी कार्यप्रणाली ने छात्रों को मानसिक तनाव और असुरक्षा में डाल दिया है.

 

छात्रों और नेताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तत्काल इस्तीफा देने की मांग भी की. उनका आरोप है कि परीक्षा फॉर्म के माध्यम से छात्रों से करोड़ों रुपये वसूले जा रहे हैं, लेकिन परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता और सुरक्षा सुनिश्चित नहीं की जा रही है.

 

प्रदर्शनकारियों ने यह भी दावा किया कि पेपर लीक मामले की जांच में एक भाजपा नेता का नाम सामने आया है, जिसे हिरासत में लिया गया है. हालांकि इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है.

 

इधर, NTA ने बयान जारी कर कहा है कि छात्रों को घबराने की जरूरत नहीं है और प्रभावित परीक्षार्थियों के लिए बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के जल्द ही पुनः परीक्षा आयोजित की जाएगी. बावजूद इसके, देशभर के लाखों छात्र परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग पर अड़े हुए हैं.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही