वैवाहिक जीवन में घरेलू हिंसा का सामना कर रहीं सपना को दिल्ली की द्वारका महिला अदालत से बड़ी अंतरिम राहत मिली है. अदालत ने महिला संरक्षण कानून के तहत उन्हें सुरक्षा प्रदान करते हुए उनके पति यशवीर साहू के खिलाफ सख्त निर्देश जारी किए हैं.
अदालत ने पति के संपर्क पर लगाई रोक
न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी निधि सिंह की अदालत ने सपना चौधरी की याचिका पर सुनवाई करते हुए आदेश दिया कि मामले की अगली सुनवाई तक यशवीर साहू किसी भी माध्यम से सपना से संपर्क करने का प्रयास नहीं करेंगे. साथ ही, उन्हें सपना के घर, कार्यस्थल और किसी भी सार्वजनिक या व्यावसायिक कार्यक्रम में प्रवेश करने से भी प्रतिबंधित कर दिया गया है.
फिल्म प्रीमियर को लेकर जताई गई थी सुरक्षा की चिंता
सपना चौधरी की वकील प्रीति सिंह ने अदालत को बताया कि 10 जून को सपना की नई फिल्म ‘मोमाकू’ का प्रीमियर निर्धारित था, जिसमें उनकी उपस्थिति बेहद महत्वपूर्ण थी. आशंका जताई गई थी कि उनके पति कार्यक्रम में पहुंचकर हंगामा कर सकते हैं या उन्हें धमकी दे सकते हैं, जिससे उनकी सुरक्षा और पेशेवर छवि प्रभावित हो सकती है.
अदालत ने सपना द्वारा प्रस्तुत मेडिकल रिपोर्ट, चोटों की तस्वीरों और ऑडियो रिकॉर्डिंग्स को प्रथम दृष्टया गंभीर मानते हुए यह अंतरिम आदेश पारित किया. मामले की अगली सुनवाई 25 जुलाई को निर्धारित की गई है.
सपना का ट्रोलर्स को करारा जवाब
इस पूरी कानूनी पचड़े के बीच सपना चौधरी ने अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में सपना हरे रंग की खूबसूरत साड़ी पहने, सजी-धजी नजर आ रही हैं और उनके चेहरे पर एक मुस्कान है.
उन्होंने इस पोस्ट के जरिए समाज और ट्रोलर्स पर तीखा तंज कसते हुए कैप्शन में लिखा- सुनो सखी... कुछ तो लोग कहेंगे, वरना बेचारे जिंदा कैसे रहेंगे, उनका काम है कहना, आप बस बहरे बन जाएं और अपने चेहरे पर स्माइल बनाए रखें.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें
Leave a Comment