Ranchi News : श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव समिति की ओर से जन्माष्टमी के दूसरे दिन अलबर्ट एक्का चौक पर नमो दही-हांडी प्रतियोगिता का आयोजन हो रहा है. शाम को भजन संध्या के साथ नृत्य-नाट्य मंचन भी हो रहा.
दही-हांडी प्रतियोगिता का उद्घाटन राज्यपाल संतोष गंगवार करेंगे. प्रतियोगिता में पुरुष एवं महिला गोविंदा टीमों के लिए अलग-अलग रंगों की टी-शर्ट समिति की ओर से उपलब्ध कराई गई है. प्रतियोगिता में 18 वर्ष से कम उम्र के गोविंदा हिस्सा नहीं लेंगे. महिला गोविंदा के लिए दही-हांडी की ऊंचाई 20 फीट और पुरुष गोविंदा के लिए 25 फीट निर्धारित की गई है.
प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग में प्रथम पुरस्कार 71 हजार रुपये और द्वितीय पुरस्कार 41 हजार रुपये रखा गया है. वहीं, महिला वर्ग में प्रथम पुरस्कार 51 हजार रुपये औहर द्वितीय पुरस्कार 31 हजार रुपये प्रदान किया जाएगा.
मुंबई और वृंदावन के कलाकार देंगे प्रस्तुति
कार्यक्रम में मुंबई के सतीश कृष्णमूर्ति एंड पार्टी के 40 कलाकार सांस्कृतिक प्रस्तुति दे रहे हैं. इसके साथ ही वृंदावन एवं मथुरा के राजेश शर्मा एंड पार्टी द्वारा भगवान श्री कृष्ण के रास, झांकियों और लीलाओं का नृत्य-नाट्य मंचन हो रहा है.
भजन संध्या कार्यक्रम प्रमुख आकर्षण
समिति की ओर से आयोजन स्थल को वंदे मातरम थीम पर सजाया गया है. श्रद्धालुओं के बीच 2000 राष्ट्रीय ध्वज का वितरण भी किया गया.
सुरक्षा और सुविधाओं के व्यापक इंतजाम
आयोजन को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है. आयोजन स्थल की बारिकी से जांच की जा रही है. डॉग स्क्वाड का भी उपयोग किया गया है. ट्रैफिक व्यवस्था पर असर न पड़े इसके लिए भी इंतजाम किए गए है.
चिकित्सा की विशेष व्यवस्था की गई है. आपात स्थिति से निपटने के लिए नागरमल मोदी सेवा सदन एवं ऑर्किड हॉस्पिटल के चिकित्सकों के साथ एंबुलेंस आयोजन स्थल पर उपलब्ध हैं.
नगर निगम की ओर से आयोजन स्थल पर पानी, शौचालय और साफ-सफाई की नियमित व्यवस्था रखी गई है. महिलाओं, पुरुषों, बुजुर्गों और बच्चों के लिए बैठने की भी विशेष व्यवस्था की गई है.
समिति के अध्यक्ष मुकेश काबरा, मीडिया प्रभारी प्रमोद सारस्वत एवं संजय पोद्दार ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अपने मित्रों एवं परिवार के साथ अल्बर्ट एक्का चौक पहुंचकर नमो दही हांडी प्रतियोगिता, भजन संध्या और श्री कृष्ण की लीलाओं का आनंद उठाएं.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

