Ranchi News: आईआईटी खड़गपुर के उद्यमिता प्रकोष्ठ और सरला बिरला विश्वविद्यालय के इंस्टीट्यूशन इनोवेशन काउंसिल (आईआईसी) के संयुक्त तत्वावधान में विश्वविद्यालय सभागार में उद्यमिता जागरूकता अभियान 2026 का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने छात्रों को स्टार्टअप शुरू करने, बिजनेस रणनीति बनाने, फंडिंग और नवाचार से जुड़ी जानकारी दी.
कार्यक्रम में प्योरश डेली फूड्स के सह-संस्थापक एवं निदेशक मनीष पीयूष, ओज़ू मुंबई के संस्थापक एवं सीईओ परमवीर सिंह, प्योरश डेली फूड्स के सह-संस्थापक आदित्य कुमार, कलाम एकेडमी के संस्थापक विकास मिश्रा और टेकटॉर्च सॉल्यूशंस के संस्थापक सिद्धार्थ पाठक शामिल हुए.
इसे भी पढ़ें:
वक्ताओं ने कहा कि सफल स्टार्टअप के लिए हमेशा किसी बड़े आविष्कार की जरूरत नहीं होती. रोजमर्रा की किसी छोटी समस्या का समाधान देने वाला साधारण विचार भी सफल व्यवसाय बन सकता है. परमवीर सिंह ने छात्रों को नए विचारों पर काम करने के लिए प्रेरित किया. वहीं, मनीष पीयूष ने स्टार्टअप की सफलता में पूंजी प्रबंधन और सही बिजनेस रणनीति को महत्वपूर्ण बताया.
कार्यक्रम में स्टार्टअप फंडिंग, एंजेल निवेशकों, सरकारी योजनाओं और स्टार्टअप कुंभ को लेकर पैनल चर्चा भी हुई. इसके अलावा प्रश्नोत्तर और आइडिया पिचिंग सत्र आयोजित किए गए. इसमें छात्रों ने अपने बिजनेस आइडिया प्रस्तुत किए और विशेषज्ञों से सुझाव प्राप्त किए.
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के महानिदेशक प्रो. गोपाल पाठक, कुलपति प्रो. सी. जगन्नाथन, एसबीयू आईआईसी के अध्यक्ष प्रो. संदीप कुमार सहित शिक्षक और शिक्षकेत्तर कर्मचारी उपस्थित थे. कार्यक्रम का संचालन आईआईटी खड़गपुर के उद्यमिता प्रकोष्ठ की एसोसिएट मेंबर्स सुहानी गुप्ता और वंश लोहिया ने किया.
विश्वविद्यालय के प्रतिकुलाधिपति बिजय कुमार दलान और राज्यसभा सांसद सह निदेशक (प्लानिंग एंड डेवलपमेंट) डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने आयोजन पर प्रसन्नता जताते हुए आयोजक मंडली को शुभकामनाएं दीं.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

