Ranchi News: हटिया इलाके में PLFI कमांडर के नाम का इस्तेमाल कर एक परिवार से रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है. पत्र के जरिए परिवार से तीन बार रकम मांगी गई. पहली बार एक लाख, दूसरी बार दो लाख और तीसरी बार पांच लाख रुपये की मांग की गई. रकम नहीं देने पर छोटे बेटे प्रिंस की हत्या करने की धमकी दी गई.
प्रेम नगर रोड नंबर-6 और चोरिया टोली रोड नंबर-1 निवासी किरण होरो ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि 26 सितंबर की रात करीब 9:45 बजे घर बंद करते समय दरवाजे के पास एक लिफाफा मिला. उसमें धमकी भरा पत्र था और 27 सितंबर की रात तक एक लाख रुपये देने को कहा गया था.
इसे भी पढ़ें:
परिवार ने शुरुआत में इसे गंभीरता से नहीं लिया. इसके बाद 28 सितंबर को पड़ोसी के घर के पास दूसरा पत्र मिला, जिसमें दो लाख रुपये की मांग की गई. 2 अक्टूबर को फिर एक अन्य पड़ोसी के घर के गेट के पास तीसरा पत्र मिला. इस बार पांच लाख रुपये मांगे गए और रकम नहीं देने पर प्रिंस की हत्या की धमकी दी गई.
लगातार तीन धमकी भरे पत्र मिलने के बाद परिवार में दहशत का माहौल है. शिकायतकर्ता ने पुलिस को यह भी बताया कि गुमला के कामडारा थाना क्षेत्र के पोकला में उनके एक रिश्तेदार के घर भी 21 और 25 सितंबर को इसी तरह रुपये की मांग की गई थी.
परिवार ने पुलिस से मामले की जांच कर धमकी देने वालों की पहचान और कार्रवाई की मांग की है. पुलिस अब पत्रों और पूरे मामले की जांच कर रही है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

