Ranchi News : वियतनाम में सड़क दुर्घटना में मृत रांची निवासी राजा कुमार बंसी का पार्थिव शरीर लाने के लिए उनके परिजनों ने जिला प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है. परिजनों ने मंगलवार को उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री से मुलाकात कर पार्थिव शरीर को जल्द रांची लाने की व्यवस्था कराने का अपील की.
इसे भी पढ़ें...
राज्य सरकार के दिशा-निर्देश पर जिला प्रशासन राजा कुमार बंसी का पार्थिव शरीर वियतनाम से रांची लाने के लिए आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई में जुटा है. संबंधित विभागों एवं अन्य स्तरों से समन्वय कर पार्थिव शरीर को शीघ्र लाने के लिए हरसंभव प्रयास किया जा रहा है.
25 सितंबर को हुआ था हादसा
कैलाश नगर निवासी राजा कुमार बंसी की 25 सितंबर को वियतनाम में सड़क दुर्घटना हुई थी. हादसे के बाद 26 सितंबर की अहले सुबह उनकी मृत्यु हो गई. घटना की जानकारी मिलने के बाद से ही परिवार शोक में है और पार्थिव शरीर को रांची लाने की प्रक्रिया के लिए प्रशासन से सहयोग मांग रहा है.
उपायुक्त ने परिवार को आवश्यक प्रशासनिक सहयोग का भरोसा दिया. जिला प्रशासन की ओर से कहा गया कि शोकाकुल परिवार को राहत पहुंचाने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं और संबंधित विभागों से समन्वय कर पार्थिव शरीर को जल्द रांची लाने का प्रयास जारी है. मुलाकात के दौरान शांति समिति के सदस्य जय सिंह यादव, रांची नगर निगम के वार्ड संख्या-27 के पार्षद और मृतक के परिजन मौजूद रहे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

