Ranchi News: कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने निर्देश दिया है कि किसी भी परिस्थिति में किसानों का एक भी फसल बीमा दावा लंबित नहीं रहना चाहिए.‘अकवान’ तूफान से प्रभावित किसानों को शीघ्र और उचित मुआवजा दिलाना सरकार की प्राथमिकता है. इसे लेकर मंत्री की अध्यक्षता में सोमवार को उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक हुई.
बैठक में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (PMFBY) के तहत फसल क्षति और मुआवजा भुगतान की स्थिति की समीक्षा की गई. मंत्री ने अधिकारियों और बीमा कंपनियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि बीमा दावों के निपटारे में लापरवाही, अनावश्यक कागजी प्रक्रिया और तकनीकी बाधा बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
इसे भी पढ़ें:
उन्होंने प्रत्येक जिले में बीमा दावों की निगरानी के लिए विशेष डैशबोर्ड तैयार करने का निर्देश दिया. इसके माध्यम से कृषि विभाग, बैंकों और बीमा कंपनियों को दावों की स्थिति की जानकारी उपलब्ध होगी. साथ ही प्रत्येक जिले में जिला कृषि पदाधिकारी और बीमा कंपनियों के माध्यम से पांच-पांच व्हाट्सऐप नंबर जारी किए जाएंगे, ताकि किसान सीधे अपनी शिकायत और फसल क्षति की सूचना दे सकें.
मंत्री ने किसानों से अपील की कि स्थानीय आपदा या फसल कटाई के बाद नुकसान होने पर 72 घंटे के भीतर टोल फ्री नंबर 14447 पर सूचना दें. सूचना मिलने के 48 घंटे के भीतर बीमा कंपनी की टीम नुकसान के आकलन के लिए भेजी जाएगी.
बैठक में जिलावार वर्षापात, फसल क्षति और प्राप्त बीमा दावों की तथ्यात्मक रिपोर्ट तैयार करने का भी निर्देश दिया गया. मंत्री ने कहा कि झारखंड में किसानों के हिस्से के फसल बीमा प्रीमियम का भुगतान भी राज्य सरकार करती है, ताकि किसानों पर आर्थिक बोझ कम हो और उन्हें प्राकृतिक आपदाओं से सुरक्षा मिल सके.
उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों, बैंकों और बीमा कंपनियों को मिशन मोड में काम करने का निर्देश देते हुए कहा कि किसानों को मुआवजे के लिए कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें. प्रभावित किसानों को उनका हक दिलाने में किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

