Lagatar Desk: बिहार के जमुई जिले में एक युवक व युवती के साथ कुछ युवकों द्वारा जबरदस्ती किया गया. घटना 19 सितंबर की है. घटना की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है. इसे लेकर देशभर से प्रतिक्रियाएं आ रही हैं. साथ ही कार्रवाई की मांग की जा रही है. बिहार पुलिस का कहना है कि मामले में प्राथमिकी दर्ज करके कार्रवाई शुरु कर दी गई है.
इस बीच लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने एक बयान जारी कर कहा है कि बिहार के जमुई का एक वीडियो बहुत बेचैन करने वाला है. 10वीं क्लास के एक छात्र और छात्रा को रास्ते में जबरदस्ती रोक लिया गया. उन्हें प्रताड़ित किया गया, अपमानित किया गया और छात्रा के साथ उत्पीड़न किया गया. बच्ची हाथ जोड़कर उसे जाने देने की विनती करती रही, मगर गुंडे उसे गलत तरीके से छूते और खींचतान करते रहे.
इसे भी पढ़ें -
राहुल गांधी ने सवाल उठाते हुए कहा है कि इन लोगों को ऐसी बदतमीजी करने का हक किसने दिया? यह "संस्कृति" नहीं है, यह हैवानियत है. ये सोच कि किसी भी पुरुष का किसी लड़की के शरीर, उसके आने-जाने और उसकी पसंद-नापसंद पर नियंत्रण है.
उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि जब नियंत्रण को ही संस्कृति मानकर 'अंधभक्त' ऐसी सोच को सामान्य ठहराते हैं, तो भीड़ को लगने लगता है कि वही कानून है. उस वीडियो में दिख रहे हर व्यक्ति की पहचान होनी चाहिए और उन अपराधियों पर पोक्सो के तहत मुकदमा चलाकर उन्हें जल्द से जल्द सजा मिलनी चाहिए. और अगर ये घटना 19 सितंबर की है तो गुनहगार अब तक सलाखों के पीछे क्यों नहीं हैं? और बिहार सरकार जवाब दे कि शाम सात बजे कोई लड़की राज्य की सड़कों पर सुरक्षित क्यों नहीं है?
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

