Search

 
 
 

JPSC के पूर्व चेयरमैन एल ख्यांग्ते पहुंचे CID ऑफिस, पूछताछ शुरू

झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) के पूर्व चेयरमैन एल. ख्यांगते सीआईडी ऑफिस पहुंच गए हैं. जिसके बाद सीआईडी के अधिकारियों ने उनसे 14वीं जेपीएससी सिविल सेवा परीक्षा समेत अन्य भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.
 

Lagatar Desk :  झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) के पूर्व चेयरमैन एल. ख्यांगते सीआईडी ऑफिस पहुंच गए हैं. जिसके बाद सीआईडी के अधिकारियों ने उनसे 14वीं जेपीएससी सिविल सेवा परीक्षा समेत अन्य भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.

 

बता दें कि सीआईडी ने एल. ख्यांगते को नोटिस जारी कर 28 जुलाई को पूछताछ के लिए उपस्थित होने का निर्देश दिया था. नोटिस के तहत तय समय पर ख्यांग्ते सीआईडी कार्यालय पहुंचे, जिसके बाद उनसे पूछताछ शुरू कर दी गई.

 

बता दें कि जेपीएससी द्वारा की गई नियुक्तियों में बड़े पैमाने पर हुई धांधली के मामले की जांच सीआईडी कर रही है. सीआईडी ने इस मामले में नियुक्ति घोटाले के किंगपिन अभय तिवारी समेत कई लोगों को गिरफ्तार किया है. जेपीएसएसी के सदस्य स्वेता गुप्ता ने सीआईडी को बताया है कि जो भी गड़बड़ी के काम होते थे, वह चेयरमैन के निर्देश पर होते थे.

 

इस बीच सूत्रों ने बताया कि सीआईडी ने अपने स्तर से भी कई ऐसे तथ्य जुटाये हैं, जिसके बारे में एल ख्यांग्ते से पूछताछ के बाद ही आगे की कार्रवाई की जायेगी. इन्हीं वजहों से जांच अधिकारी ने उन्हें पूछताछ के लिए बुलाया है.

 

उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों Lagatar Media ने यह खुलासा किया था कि 500 ओएमआर शीट पर गड़बड़ी करने की जानकारी करीब छह माह पहले ही चेयरमैन एल ख्यांग्ते को दे दी गई थी. लेकिन उन्होंने सूचनाओं पर कोई कार्रवाई नहीं की. सीआईडी के अधिकारी आज इस बिंदु पर भी उनसे पूछताछ करेंगे कि आखिर किन परिस्थितियों में उन्होंने सूचना मिलने के बाद भी कार्रवाई नहीं की.

 

इससे पहले सीआईडी ने ख्यांगते के कांके रोड स्थित सरकारी आवास और जेपीएससी कार्यालय में उनके कक्ष पर छापेमारी की थी. करीब पांच घंटे चली कार्रवाई के दौरान जांच टीम ने कई दस्तावेजों की जांच की और उनसे पूछताछ भी की. इसी दौरान जेपीएससी कार्यालय और परीक्षा संचालन एजेंसी टीएसआर डेटा प्रोसेसिंग प्राइवेट लिमिटेड (TDPL) के कार्यालय में भी तलाशी ली गई थी.

 

जांच के दौरान सीआईडी ने जेपीएससी कार्यालय से भर्ती परीक्षाओं से जुड़े दस्तावेज, ओएमआर शीट और कंप्यूटरों से डिजिटल साक्ष्य जब्त किए थे. वहीं, टीडीपीएल कार्यालय से भी परीक्षा प्रक्रिया से संबंधित अहम रिकॉर्ड कब्जे में लिए गए हैं.

 

बता दें कि एल. ख्यांगते ने 6 मार्च 2025 को जेपीएससी चेयरमैन का पदभार संभाला था. छापेमारी के बाद उन्होंने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था. अब सीआईडी की पूछताछ के बाद इस मामले की जांच आगे बढ़ने की संभावना है.

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही