Dhanbad: आईआईटी (ISM) धनबाद में पूर्व में कार्यरत सुरक्षा गार्डों की विभिन्न मांगों को लेकर मंगलवार को सुरक्षा प्रहरी कर्मचारी संघ के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन किया. सैकड़ों सुरक्षा गार्डों और श्रमिक प्रतिनिधियों ने हाथ में कटोरा लेकर प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की.
इसे भी पढ़ें:
कार्यक्रम का नेतृत्व संघ के महामंत्री प्रभात कुमार सिंह ने किया जबकि अध्यक्षता गोरख राम और संचालन बीएमएस के सह संगठन मंत्री कृष्ण कन्हैया ने किया. पीके रॉय मेमोरियल कॉलेज के समीप से शुरू हुआ पैदल मार्च आईआईटी (आईएसएम) और पुलिस लाइन होते हुए रणधीर वर्मा चौक पहुंचा.
प्रभात कुमार सिंह ने कहा कि भिक्षाटन केवल आर्थिक सहयोग जुटाने का कार्यक्रम नहीं बल्कि व्यंग्यात्मक विरोध है. उन्होंने आरोप लगाया कि लंबे समय तक संस्थान में काम करने वाले कई सुरक्षा गार्डों को रोजगार से वंचित कर दिया गया है. भिक्षाटन से प्राप्त राशि संबंधित अधिकारियों को भेजी जाएगी.
बीएमएस धनबाद जिला मंत्री धर्मजीत चौधरी ने कहा कि उनकी प्रमुख मांग 110 सुरक्षा गार्डों की बैक वेजेज सहित पुनर्बहाली है. उन्होंने श्रमिकों से कथित अवैध वसूली की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की. उन्होंने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर मामला श्रम मंत्रालय के समक्ष उठाया जाएगा.
संघ ने आईआईटी-आईएसएम के CLRA पंजीकरण की वैधानिकता की जांच, सुरक्षा गार्डों के पीएफ, ईएसआईसी, वेतन व अन्य श्रम अधिकारों की जांच तथा ठेका श्रमिकों के साथ कथित श्रम कानून उल्लंघन पर रोक लगाने की मांग की.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

