- 21 साल पुरानी सजा रद्द
Ranchi News : झारखंड हाईकोर्ट ने भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम, 1988 के तहत दोषी ठहराए गए सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) के पूर्व वरिष्ठ अधिकारी एस. रमन को बरी कर दिया है. हाईकोर्ट ने सीबीआई की विशेष अदालत के 30 मई 2005 का निर्णय रद्द कर दिया.
इसे भी पढ़ें...
क्या था मामला
सीबीआई के मुताबिक, कांके रोड, रांची की फर्म के प्रोपराइटर सुब्रतो मुखर्जी ने 1991-92 में सीसीएल के ई एंड एम विभाग को बिजली का सामान सप्लाई किया था. बिलों का भुगतान अटका होने पर उन्होंने रमन से संपर्क किया. आरोप था कि रमन ने 7 बिलों (करीब 11,600 रुपये) को आगे बढ़ाने के लिए 1,500 रुपये की रिश्वत मांगी.
शिकायत पर सीबीआई ने 23 मई 1995 को गांधी नगर स्थित रमन के घर पर जाल बिछाया. एजेंसी का दावा था कि फिनोलफ्थेलीन लगे नोट रमन के पास से बरामद हुए और सोडियम कार्बोनेट के घोल में हाथ डुबोने पर रंग गुलाबी हो गया. सीबीआई की विशेष अदालत ने उन्हें धारा 7 में 2 साल और धारा 13(2) में 1 साल का सश्रम कारावास तथा जुर्माने की सजा सुनाई थी.
अपील पर सुनवाई के बाद हाईकोर्ट ने पाया कि रिश्वत की मांग और उसे स्वीकार करने का कोई प्रमाण मौजूद नहीं है. अदालत ने कहा कि धारा 7 और 13(1)(d) सहपठित 13(2) के आवश्यक तत्व सिद्ध नहीं होते. कोर्ट ने यह भी टिप्पणी की कि निचली अदालत ने गवाहों की बात अनुमान के आधार पर मान ली और उसकी टिप्पणियां रिकॉर्ड से परे थीं.
अदालत ने दोषसिद्धि और सजा के आदेश को रद्द करते हुए अपील स्वीकार कर ली. जमानत पर चल रहे रमन के बेल बॉन्ड और जमानतदार भी मुक्त कर दिए गए.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

