Ranchi News: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया के जरिए सामने आए दो मामलों पर तुरंत संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए हैं. इनमें दुबई में फंसे झारखंड के एक मजदूर और देवघर में 13 साल के किशोर की मौत का मामला शामिल है.
दुबई में फंसे मजदूर की होगी मदद
गिरिडीह के बगोदर थाना क्षेत्र के अटका गांव निवासी रामेश्वर दास पिछले करीब चार महीने से दुबई में फंसे हैं. जानकारी के अनुसार, वह 6 मई को एक ठेकेदार के जरिए टूरिस्ट वीजा पर काम की तलाश में दुबई गए थे.
परिजनों के मुताबिक, दुबई पहुंचने के बाद से ही रामेश्वर से संपर्क लगातार कम होता गया. पिछले पांच दिनों से उनका मोबाइल भी बंद है. परिवार ने सरकार से उन्हें सुरक्षित वापस लाने की मांग की है.
इसे भी पढ़ें -
मामला सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने प्रवासी सेल झारखंड को टैग करते हुए मामले में तुरंत संज्ञान लेने का निर्देश दिया है.
देवघर में किशोर की मौत पर जांच के आदेश
दूसरे मामले में देवघर में 13 साल के किशोर की पीट-पीटकर हत्या का आरोप लगाया गया है. मृतक की बहन सुरवि केशरी ने सोशल मीडिया पर आरोप लगाया कि मामले के मुख्य आरोपी को पुलिस ने छोड़ दिया है और परिवार को अब तक न्याय नहीं मिला है. उन्होंने इलाके में नशे के कारोबार का भी आरोप लगाया और पुलिस पर कार्रवाई नहीं करने की बात कही.
मामला सामने आने के बाद मुख्यमंत्री ने देवघर पुलिस, झारखंड पुलिस और देवघर के उपायुक्त को टैग कर पूरे मामले की जांच करने का निर्देश दिया है. मुख्यमंत्री ने मामले में सख्त कार्रवाई करने और जांच की रिपोर्ट देने को भी कहा है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

