Sanjeet Yadav
Ranchi : झारखंड के कुख्यात अपराधी प्रिंस खान का नाम एक बार फिर चर्चा में है. धनबाद से छोटे स्तर के अपराधों से अपने आपराधिक सफर की शुरुआत करने वाला प्रिंस खान आज राज्य के कई जिलों में सक्रिय संगठित नेटवर्क का प्रमुख चेहरा बन चुका है.
पुलिस सूत्रों के अनुसार, प्रिंस खान ने समय के साथ अपना नेटवर्क मजबूत किया है. सुजीत सिन्हा गैंग के साथ हाथ मिलाने के बाद प्रिंस खान गिरोह की पहुंच कई जिलों तक फैल गई.
छोटे अपराध से संगठित गिरोह तक का सफर
धनबाद के कोयलांचल इलाके से अपराध की दुनिया में कदम रखने वाले प्रिंस खान पर शुरुआत में छोटे स्तर की आपराधिक गतिविधियों के आरोप लगे थे. लेकिन धीरे-धीरे रंगदारी, धमकी और संगठित अपराध के मामलों में उसका नाम सामने आने लगा.
पुलिस का मानना है कि गैंग ने सोशल मीडिया, इंटरनेट कॉल और लोकल नेटवर्क के जरिए कारोबारियों को निशाना बनाना शुरू किया, जिससे उसका प्रभाव तेजी से बढ़ा.
सुजीत सिन्हा गैंग से गठजोड़ के बाद बढ़ा असर
सूत्र बताते हैं कि सुजीत सिन्हा गैंग के साथ कथित गठजोड़ के बाद प्रिंस खान का नेटवर्क और मजबूत हुआ है. गैंग ने स्थानीय अपराधियों के जरिए विभिन्न जिलों के कारोबारियों को रंगदारी के लिए धमकी भेजना शुरू किया. इस गठजोड़ के बाद रंगदारी मांगने की घटनाएं तेजी से बढ़ी है.
धमकी मिलने से व्यापारियों में भय
धनबाद के अलावा पलामू, रांची, चतरा समेत कई जिलों में व्यवसायियों और ठेकेदारों को धमकी मिलने की शिकायतें सामने आई हैं. कई मामलों में कारोबारी पुलिस तक पहुंचे.
जबकि कुछ लोग डर के कारण खुलकर सामने नहीं आएं. व्यापारिक संगठनों का कहना है कि लगातार मिल रही धमकियों से व्यापार जगत में भय का माहौल बना हुआ है.
विदेश से संचालित कर रहा नेटवर्क
जांच एजेंसियों के अनुसार, लंबे समय से फरार प्रिंस खान विदेश में बैठकर अपना नेटवर्क संचालित कर रहा है. वहीं गिरोह के स्थानीय सदस्य आपराधिक वारदातों जैसे धमकी देने, जानकारी जुटाने और रंगदारी वसूलने के काम में सक्रिय बताए जाते हैं.
पुलिस की कार्रवाई और चुनौती
झारखंड पुलिस का दावा है कि गिरोह के खिलाफ लगातार छापेमारी और गिरफ्तारी की कार्रवाई जारी है. पुलिस का कहना है कि गैंग के आर्थिक और लोकल नेटवर्क को तोड़ने पर फोकस किया जा रहा है, ताकि कारोबारियों में फैले डर के माहौल को खत्म किया जा सके.
ऐसे में अब सवाल उठता है कि पुलिस की इस कार्रवाई से राज्य के कारोबारियों में डर खत्म हो पाएंगा या गैंग का नेटवर्क और फैलता जाएगा.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें



Leave a Comment