Garhwa : जिले के केतार थाना क्षेत्र स्थित बांसडीह गांव के बिगहा टोला में एक शादी समारोह उस समय रणक्षेत्र में तब्दील हो गया, जब ऑर्केस्ट्रा कार्यक्रम के दौरान स्टेज पर चढ़ने को लेकर विवाद शुरू हो गया. देखते ही देखते मामूली कहासुनी हिंसक झड़प में बदल गई और शादी का माहौल अफरा-तफरी में तब्दील हो गया.
मिली जानकारी के अनुसार, बिगहा टोला निवासी ददई पासवान की पुत्री खुशबू कुमारी की शादी पलामू जिले के ऊंटारी थाना क्षेत्र के पाड़ेयपुरा गांव निवासी राजू कुमार के साथ तय हुई थी. बारात धूमधाम से पहुंची और जयमाला की रस्म भी शांतिपूर्वक संपन्न हो गई. लेकिन देर रात आयोजित ऑर्केस्ट्रा कार्यक्रम के दौरान कुछ लोगों के स्टेज पर चढ़ने को लेकर विवाद शुरू हो गया.
देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई. इस दौरान दूल्हे के पिता समेत कई लोग घायल हो गए. उपद्रवियों ने आधा दर्जन से अधिक बारातियों के वाहनों में भी तोड़फोड़ की और शीशे चकनाचूर कर दिए.
हंगामे और तनावपूर्ण माहौल के कारण शादी की आगे की रस्में पूरी नहीं हो सकीं. हालात ऐसे बने कि दूल्हा बिना दुल्हन के ही बारात लेकर वापस लौट गया. घटना के बाद पूरे इलाके में इस शादी की चर्चा बनी हुई है.
स्थानीय लोगों के अनुसार, अगर समय रहते विवाद को शांत नहीं कराया जाता तो स्थिति और गंभीर हो सकती थी. मामले को लेकर पुलिस को भी सूचना दी गई है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.


Leave a Comment