Search

गढ़वा: सड़क हादसे में युवक की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया सड़क जाम, पुलिस से झड़प

Garhwa: गढ़वा जिले में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे के बाद माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया. गढ़वा-नगर उंटारी मुख्य पथ पर स्थित रामगढ़ मोड़ के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से एक युवक की मौत हो गई, जिसके बाद आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया.

 

मृतक की पहचान झुरहा गांव निवासी 20 वर्षीय पंकज कुमार के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि वह सुबह अपनी लूना से बाजार जा रहा था, तभी तेज रफ्तार वाहन ने उसे टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.

 

घटना से नाराज ग्रामीणों ने शहीद भगत सिंह चौक समेत आसपास की सड़कों को जाम कर दिया. मौके पर पहुंची पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच बातचीत हुई, लेकिन सहमति नहीं बन सकी. इसके बाद स्थिति बिगड़ गई और हल्की झड़प हो गई. बताया जा रहा है कि पुलिस के बल प्रयोग के बाद भीड़ और उग्र हो गई तथा पथराव कर एक सरकारी वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया।.

 

स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने निर्माणाधीन फोरलेन सड़क पर सुरक्षा व्यवस्था की अनदेखी का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि रामगढ़ मोड़ पर आए दिन हादसे होते रहते हैं, बावजूद इसके कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया.

 

ग्रामीणों की मांग है कि मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा और नौकरी दी जाए, साथ ही दुर्घटना संभावित स्थल पर ओवरब्रिज या अंडरपास का निर्माण कराया जाए. फिलहाल इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है. जिला प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ समन्वय शुरू कर दिया है और हालात सामान्य करने की कोशिश जारी है.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp