Giridih : नगर थाना क्षेत्र के कोल्डीहा में बीते शुक्रवार को हुए सड़क हादसे में घायल युवक की रविवार देर रात इलाज के दौरान मौत हो गई. मो. नियाज अंसारी की मौत की खबर के बाद लोग आक्रोशित हो गए और कोल्डीहा के पास गिरिडीह-डुमरी मुख्य मार्ग को जाम कर दिया.
सड़क जाम होने से यातायात पूरी तरह बाधित हो गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी-लंबी कतारे लग गईं. घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय प्रशासन और जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे, लेकिन लोग मुआवजे और कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे.
करीब घंटों तक चले इस जाम के बाद मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू स्वयं मौके पर पहुंचे और परिजनों व ग्रामीणों से बातचीत की. मंत्री के आश्वासन के बाद लोगों ने जाम हटाया और आवागमन सामान्य हो सका.
इस दौरान वार्ड पार्षद नूरुल होदा ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि घटना के बाद जब वे नगर थाना आवेदन देने पहुंचे, तो वहां मौजूद एसआई विक्रम सिंह ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया. इस शिकायत को मंत्री ने गंभीरता से लिया और वरीय पुलिस पदाधिकारियों को संबंधित एसआई को निलंबित करने व मामले के जांच अधिकारी (आईओ) को बदलने का निर्देश दिया.
मो. नियाज अंसारी के परिजन मोईन अंसारी ने बताया कि नियाज घर से सड़क की ओर निकले थे, तभी तेज रफ्तार में आ रहे एक बाइक सवार ने रॉन्ग साइड से आकर उन्हें टक्कर मार दी. परिजनों का आरोप है कि दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने आरोपी बाइक सवार को पकड़कर पुलिस को सुपुर्द किया था, लेकिन बाद में पुलिस ने उसे छोड़ दिया.
इस पर भी मंत्री ने निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया. परिजनों ने बताया कि नियाज अपने पीछे पत्नी और दो मासूम बच्चे छोड़ गए, जिनका भरण पोषण की चिंता हो रही है. मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने कहा कि मृतक के परिजनों को सरकारी प्रावधान के अनुसार मुआवजा दिया जाएगा और बच्चों की पढ़ाई के साथ-साथ हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी.
साथ ही उन्होंने पुलिस प्रशासन को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए. मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के आश्वासन के बाद जाम हटाया गया. मौके पर एसडीपीओ जीतवाहन उरांव, डीएसपी नीरज सिंह, नगर थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह, मुफस्सिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो भी मौजूद रहे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें


Leave a Comment