Giridih News : गिरिडीह में बीते दिन छात्रों के साथ हुई मारपीट की घटना को लेकर शनिवार को सियासी घमासान तेज हो गया. भाजपा जिलाध्यक्ष रंजीत राय के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता सीएम हेमंत सोरेन का पुतला दहन करने झंडा मैदान पहुंचे. वहां पहले से ही भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी. कार्यकर्ता हेमंत सोरेन का पुतला दहन करने की जिद पर अड़ गए. इस दौरान उनकी पुलिस के साथ तीखी नोक-झोंक हुई.
इसे भी पढ़ें
भाजपा कार्यकर्ताओं के झंडा मैदान पहुंचते ही पुलिस ने उन्हें पुतला दहन करने से रोकने का प्रयास किया. इस दौरान पुलिस ने कार्यकर्ताओं के हाथों से हेमंत सोरेन का पुतला छीन लिया. इसे लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की शुरू हो गई. कार्यकर्ता पुतला दहन करने की मांग पर अड़े रहे.
स्थिति को देखते हुए झंडा मैदान से लेकर टावर चौक तक भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया. पुलिस ने भाजपा कार्यकर्ताओं को रोकने का प्रयास किया, लेकिन कार्यकर्ता पीछे हटने को तैयार नहीं थे. बाद में पुलिस ने भाजपा कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेना शुरू कर दिया.
दरअसल, शुक्रवार को छात्र मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन करने झंडा मैदान पहुंचे थे. इसी दौरान झामुमो कार्यकर्ताओं के साथ उनका विवाद हो गया था. आरोप है कि विवाद के बाद झामुमो कार्यकर्ताओं ने छात्रों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, जिसमें कई छात्र घायल हुए थे. घटना के बाद से ही गिरिडीह में राजनीतिक माहौल गरमाया हुआ है.
बीजेपी ने इस पूरे मामले को लेकर आक्रामक रुख अपनाया है. पार्टी कार्यकर्ताओं का कहना है कि छात्रों के साथ हुई मारपीट के विरोध में मुख्यमंत्री का पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया जाएगा. वहीं, पुलिस प्रशासन का कहना है कि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति को रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है.
शनिवार को झंडा मैदान से लेकर टावर चौक तक भाजपा कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच लगातार तनाव की स्थिति बनी रही. फिलहाल बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर मौजूद है. भाजपा नेताओं को हिरासत में लेकर गिरिडीह स्टेडियम लाया गया है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

