Search

 
 
 

Giridih News :  CID ने नाबालिगों का अश्लील वीडियो बेचने वाले दो युवकों को किया गिरफ्तार

रांची CID की विशेष टीम ने गिरिडीह के कोलडीहा से दो युवकों को गिरफ्तार किया है. दोनों पर नाबालिग लड़कियों के के आपत्तिजनक और अश्लील वीडियो ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर बेचने वाले नेटवर्क से जुड़े होने का आरोप है.
 

Giridih :  रांची CID की विशेष टीम ने गिरिडीह के कोलडीहा से दो युवकों को गिरफ्तार किया है. दोनों पर नाबालिग लड़कियों के के आपत्तिजनक और अश्लील वीडियो ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर बेचने वाले नेटवर्क से जुड़े होने का आरोप है.

 

यह कार्रवाई डीएसपी अर्चना स्मृति खल्को के नेतृत्व में करीब रात दो बजे की गयी और दोनों आरोपियों को उनके-उनके घरों से पकड़ा गया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हसन राजा और मो. मोहब अंसारी के रूप में हुई है. 

 

जांच अधिकारी सूत्रों के अनुसार, प्रारंभिक तकनीकी और जांची गई सामग्री के आधार पर आरोप सही पाए गए हैं. दोनों के खिलाफ सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) और पोक्सो एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है. रांची CID की टीम आरोपियों को रांची लेकर पूछताछ कर रही है. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जाएगा.

 

हैदराबाद पुलिस ने शुरू की थी जांच 

सूत्रों के अनुसार, हैदराबाद पुलिस के साइबर सेल के पास एक नाबालिग लड़की का आपत्तिजनक वीडियो मिला था, जिसकी तकनीकी जांच में स्रोत झारखंड से जुड़े होने की पुष्टि हुई. इसके बाद मामला रांची सीआईडी को सौंपा गया.  

 

रांची CID की टीम ने मामले की गंभीरता को देखते हुए गहन तलाशी और तकनीकी जांच शुरू की. जांच के दौरान गिरिडीह जिले के इन दो युवकों की संलिप्तता उजागर हुई और ठोस सबूत मिलने पर गिरफ्तारी की गयी.

 

टेलीग्राम पर चैनल बना होती थी वीडियो की बिक्री

मिली जानकारी के अनुसार, यह एक संगठित गिरोह था, जो नाबालिग बच्चियों के आपत्तिजनक वीडियो बनाकर अलग‑अलग ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स पर बेचता था. गिरोह ने टेलीग्राम पर एक विशेष चैनल बनाया था, जिस पर वीडियो की बिक्री होती थी. कुछ वेबसाइट्स को भी वीडियो बेचने के आरोप सामने आए हैं.


जांच एजेंसी के अधिकारी ने बताया कि टीम यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वीडियो बेचने और वायरल करने के इस नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल है. आवश्यक डिजिटल फोरेंसिक, मोबाइल और सोशल मीडिया ट्रेस के माध्यम से अन्य संदिग्धों व सहयोगियों की पहचान की जा रही है. आगे की जांच के बाद आरोपियों पर और धाराएं जोड़ी जा सकती हैं.

 

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी के पास ऐसी वीडियो सामग्री से जुड़े सुराग हों या कोई संदिग्ध गतिविधि दिखे तो तत्काल नजदीकी पुलिस थाने या CID को सूचित करें, ताकि विकृत नेटवर्क को जल्द से जल्द बेनकाब किया जा सके.

 

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही