Giridih News : शहर के बजरंग चौक स्थित संकट मोचन हनुमान मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव को लेकर गुरुवार को भव्य कलश यात्रा निकाली गई. धार्मिक आस्था, श्रद्धा और भक्तिमय माहौल के बीच निकली इस कलश यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया.
पूरे मार्ग में जय श्रीराम और संकट मोचन हनुमान के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा. कलश यात्रा में मुख्य यजमान लखन लाल बरनवाल और उनकी पत्नी सरिता बरनवाल शामिल हुए.
वहीं सिर पर कलश धारण कर महिलाओं और युवतियों की टोली श्रद्धा और उत्साह के साथ यात्रा में शामिल हुई. गाजे-बाजे और भक्ति गीतों के बीच कलश यात्रा बजरंग चौक से प्रारंभ होकर शहर के शिवशक्ति छठ घाट पहुंची.
छठ घाट पर पुजारियों के वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत पूजा-अर्चना की गई और पवित्र जल कलश में भरा गया. जिसके बाद कलश यात्रा वापस बजरंग चौक स्थित हनुमान मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई.
बताया गया कि मंदिर प्राण प्रतिष्ठा का अनुष्ठान तीन दिनों तक चलेगा. महोत्सव के प्रथम दिन गुरुवार को कलश यात्रा के साथ धार्मिक कार्यक्रमों का शुभारंभ हुआ. शुक्रवार को जलाधिवास का अनुष्ठान संपन्न होगा, जबकि शनिवार को संकट मोचन हनुमान मंदिर में विधिवत प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी.

