Search

 
 
 

Giridih News: विधायक कल्पना सोरेन ने नशा मुक्ति जागरूकता रथ किया रवाना

नशा मुक्ति के खिलाफ चलाए जा रहे जागरूकता अभियान को लेकर स्थानीय विधायक कल्पना सोरेन ने गांडेय प्रखंड से तीन प्रचार वाहनों को रवाना किया.
 

Giridih: नशा मुक्ति के खिलाफ चलाए जा रहे जागरूकता अभियान को लेकर स्थानीय विधायक कल्पना सोरेन ने गांडेय प्रखंड से तीन प्रचार वाहनों को रवाना किया. इस दौरान उनके साथ उपायुक्त रामनिवास यादव, पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार एवं उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी ने भी संयुक्त रूप से जागरूकता रथ को को हरी झंडी दिखाई. ये प्रचार वाहन 15 जून से 26 जून 2026 तक जिले के विभिन्न प्रखंडों, पंचायतों एवं गांवों का भ्रमण कर आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति सचेत करेंगे और नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश देंगे.

 


कार्यक्रम के दौरान विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन ने कहा कि नशा आज समाज और विशेषकर युवाओं के भविष्य के लिए गंभीर चुनौती बन चुका है. उन्होंने कहा कि केवल प्रशासनिक कार्रवाई पर्याप्त नहीं है, बल्कि जन-जागरूकता और सामुदायिक भागीदारी भी उतनी ही आवश्यक है. 

 

युवाओं को नशे जैसी बुराइयों से दूर रखकर शिक्षा, खेल, कौशल विकास और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना समय की आवश्यकता है. उन्होंने जन-आंदोलन में सभी से सक्रिय भागीदारी करने की अपील की और कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता के बिना इस समस्या का सतत समाधान संभव नहीं है.

 


उपायुक्त रामनिवास यादव ने मीडिया को संबोधित करते हुए बताया कि नशा न केवल एक व्यक्ति को प्रभावित करता है बल्कि उसके पूरे परिवार, समाज और भविष्य को भी प्रभावित करता है. नशे की लत युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा और संभावनाओं को नष्ट कर देती है. इसलिए जिलेवासियों से नशामुक्त झारखंड व नशामुक्त गिरिडीह के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने और इस अभियान को जन-आंदोलन का स्वरूप देने की अपील की गई. उन्होंने कहा कि प्रचार वाहन निर्धारित रूट चार्ट के अनुसार गांवों और कस्बों में जाकर लोगों को नशे के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्परिणामों की जानकारी देंगे. 

 

अभियान के तहत नुक्कड़ नाटक, शपथ ग्रहण कार्यक्रम, विद्यालय व महाविद्यालय स्तर पर क्विज, निबंध व चित्रांकन प्रतियोगिताएं, बाजार-हाटों में जन-जागरूकता कार्यक्रम तथा अन्य रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा. इन कार्यक्रमों के माध्यम से विशेषकर युवाओं को प्रेरित किया जाएगा कि वे अपनी ऊर्जा को शिक्षा, खेल, कौशल विकास व राष्ट्रनिर्माण जैसे सकारात्मक कार्यों में लगाएं.

 

जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे नशा मुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करें तथा किसी भी नशा संबंधी समस्या या परामर्श के लिए राष्ट्रीय टोल-फ्री ड्रग डी-एडिक्शन हेल्पलाइन नंबर 14446 का उपयोग करें.

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही