Giridih News : गिरिडीह शहर के रामबाग स्थित महावीर कुटिया मंदिर में श्री श्याम प्रभु का 47वां वार्षिक महोत्सव मंगलवार को शुरू हुआ. श्री श्याम सेवा मंडल की ओर से आयोजित इस दो दिवसीय महोत्सव की शुरुआत सुबह में श्याम बाबा की ज्योत प्रज्ज्वलित कर की गई. इसके बाद दोपहर 3 बजे भव्य निशान व पालकी शोभायात्रा निकाली गई. इसमें 501 श्रद्धालुओं ने हाथों में निशान लेकर भाग लिया.
इसे भी पढ़ें
https://lagatar.in/police-must-provide-written-reasons-at-the-time-of-arrest-supreme-court
वातावरण श्याम बाबा के जयकारों से गूंजित रहा. रास्ते में जगह-जगह पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया गया. श्रद्धालुओं ने पालकी में विराजमान श्री श्याम प्रभु की आरती उतारी और भोग लगाकर आशीर्वाद लिया. यात्रा में शामिल महिलाएं लाल और पीले परिधान में सजी थीं, जबकि पुरुष व बच्चे गुलाबी और पीले वस्त्र धारण किए हुए थे. सुसज्जित वाहन पर भगवान शिव व संकट मोचन हनुमान का दरबार सजाया गया था, जो लोगों के आकर्षण का केंद्र बना.
निशान शोभायात्रा कुटिया मंदिर से निकलकर बड़ा चौक, गांधी चौक, तिरंगा चौक होते हुए वापस मंदिर पहुंची. यहां श्याम बाबा को 501 निशान अर्पित किया गया. इसके बाद विशेष आरती और भजन-कीर्तन शुरू हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए.
मौके पर श्याम भक्त मंडल के कुणाल, मुकेश जालान, सतीश केडिया, बांके बिहारी शर्मा, राजेश जालान, संजय भूदोलिया, मनोज खंडेलवाल, नीलकमल भारतिया, दिपक बसईवाला समेत कई लोग मौजूद थे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.
