Giridih News: गिरिडीह की प्रसिद्ध बाबाजी कुटिया की जमीन को लेकर एक बार फिर माहौल गरमा गया है. वर्षों से आस्था, परंपरा और ग्रामीणों की सामूहिक जरूरतों से जुड़ी इस जमीन पर कथित तौर पर भू-माफियाओं की नजर पड़ने की बात सामने आने के बाद आसपास के करीब 10 गांवों के ग्रामीणों ने एकजुट होकर मोर्चा खोल दिया है.
इसे भी पढ़ें:
ग्रामीणों ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि उनकी धरोहर जमीन पर किसी भी तरह के कब्जे या अतिक्रमण की कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. बताया जाता है कि यह जमीन लंबे समय से बाबाजी कुटिया के नाम से प्रसिद्ध है. यहां कभी एक बाबा रहा करते थे. उनके निधन के बाद यह स्थान धीरे-धीरे ग्रामीणों के लिए आस्था और श्रद्धा का केंद्र बन गया.
समय के साथ इस जमीन का उपयोग आसपास के गांवों के लोग सामूहिक और धार्मिक कार्यों के लिए करने लगे. करीब 10 गांवों के लोग इस स्थल से जुड़े हुए हैं. यही वजह है कि ग्रामीण इस जमीन को महज जमीन का एक टुकड़ा नहीं, बल्कि अपनी सामाजिक और धार्मिक धरोहर मानते हैं. इसी बीच जमीन पर कथित भूमाफियाओं की नजर पड़ने की चर्चा ने ग्रामीणों के बीच आक्रोश पैदा कर दिया है.
रविवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण बाबाजी कुटिया की जमीन पर एकत्रित हुए. ग्रामीणों ने कहा कि बाबाजी कुटिया की जमीन किसी व्यक्ति विशेष की संपत्ति नहीं, बल्कि वर्षों से ग्रामीणों की आस्था और सामूहिक उपयोग से जुड़ी धरोहर है. इसे किसी भी कीमत पर कब्जे की कोशिश करने वालों के हवाले नहीं किया जाएगा.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

