Giridih News : जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बदडीहा में सोमवार देर रात एक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई. दोनों युवक एक दोस्त का जन्मदिन मनाकर घर लौट रहे थे. इसी दौरान एक अज्ञात मालवाहक वाहन ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया. हादसा इतना भीषण था कि दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई.
घटना के बाद मृतकों के परिजनों और आक्रोशित ग्रामीणों ने गिरिडीह-रांची मुख्य मार्ग को जाम कर दिया. करीब पांच घंटे तक सड़क पर आवागमन बाधित रहा. प्रशासनिक अधिकारियों के समझाने और फरार वाहन को पकड़ने के आश्वासन के बाद मंगलवार सुबह करीब तीन बजे जाम हटाया गया.
मृतकों की पहचान मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के बदडीहा निवासी 22 वर्षीय सूरज तुरी, पिता प्रकाश तुरी, और तुलसी दास, पिता स्वर्गीय गुरु दास, के रूप में हुई है. हादसे की सूचना मिलते ही इलाके में शोक की लहर दौड़ गई. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
मृतक सूरज तुरी के पिता प्रकाश तुरी ने बताया कि उनका बेटा दूसरे प्रदेश में काम करता था. कुछ महीने पहले ही उसकी शादी हुई थी, इसलिए उसे काम के लिए बाहर नहीं भेजा गया था. सोमवार को सूरज अपने दोस्त तुलसी दास के साथ एक अन्य मित्र का जन्मदिन मनाने गया था. कार्यक्रम समाप्त होने के बाद दोनों बाइक से घर लौट रहे थे. इसी दौरान अज्ञात मालवाहक वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया.
प्रकाश तुरी के अनुसार, हादसा बेहद भयावह था. दुर्घटना में दोनों युवकों के हाथ कट गए थे, जबकि मालवाहक वाहन की टक्कर से उनकी बाइक करीब 50 मीटर दूर जा गिरी. घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.हादसे के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने गिरिडीह-रांची मुख्य मार्ग को जाम कर दिया. सड़क जाम होने से वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही. सूचना मिलने पर डीसी रामनिवास यादव और एसपी डॉ. बिमल कुमार के निर्देश पर कई पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे.
मौके पर एसडीपीओ जीतबाहन उरांव, सीओ जितेंद्र प्रसाद, नगर थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो, मुफ्फसिल थाना प्रभारी ज्ञान रंजन, पचंबा थाना प्रभारी राजीव कुमार और पीरटांड़ थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह समेत अन्य पुलिस अधिकारी पहुंचे. अधिकारियों ने काफी देर तक ग्रामीणों को समझाया. मृतकों के परिजनों को मुआवजे का भरोसा दिया गया.
साथ ही दुर्घटना के बाद फरार हुए मालवाहक वाहन को खोजने और उसके चालक की पहचान करने का आश्वासन दिया गया. इसके बाद मंगलवार सुबह करीब तीन बजे जाम समाप्त हुआ.प्रकाश तुरी ने कहा कि उनकी पहली मांग दुर्घटना को अंजाम देने वाले अज्ञात वाहन की पहचान कर उसे पकड़ने की है, ताकि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई हो सके. मुफ्फसिल थाना प्रभारी ज्ञान रंजन ने बताया कि अज्ञात वाहन की चपेट में आने से दो युवकों की मौत हुई है.
घटना के बाद कुछ लोग सड़क पर उतर आए थे और मार्ग जाम कर दिया था. पुलिस फरार वाहन की तलाश कर रही है. दोनों शवों को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है.

