Giridih News: शहर के पचंबा थाना क्षेत्र के मुख्य मार्ग पर गुरुवार को सड़क दुर्घटना में दो छात्राएं घायल हो गईं. घायल छात्राओं की पहचान वर्षा और काजल के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि दोनों छात्राएं पचंबा से झंडा मैदान की ओर प्रशिक्षण के लिए जा रही थीं, तभी रॉन्ग साइड से आ रहे बालू लदे वाहन ने दोनों स्कूटी सवार छात्राओं को अपनी चपेट में ले लिया. जिसमें दोनों छात्राएं घायल हो गई. वहीं सुबह के सन्नाटे का फायदा उठाते हुए वाहन मौके से फरार हो गया.
इसे भी पढ़ें:
घटना के बाद मौके पर पहुंचे छात्रों में आक्रोश फैल गया. आक्रोशित छात्र-छात्राओं ने बालू लदे वाहनों को रोक दिया और विरोध जताने लगे. इस दौरान बालू खाली कर लौट रहे पांच से छह वाहनों को रोक दिया.
छात्रों ने घायल छात्राओं के समुचित इलाज और उचित मुआवजा देने की मांग की.
सड़क हादसे के बाद एक बार फिर जिले में बालू के परिवहन और कथित अवैध बालू उठाव को लेकर सवाल उठने लगे हैं. छात्रों का सवाल है कि जब झारखंड सरकार की ओर से बालू की अवैध निकासी पर रोक लगाने की बात कही जाती है, तो फिर सड़कों पर बालू लदे वाहनों का परिचालन कैसे हो रहा है?
फिलहाल, इस घटना ने सड़क सुरक्षा के साथ-साथ बालू के परिवहन की व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं. अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है और बालू लदे वाहनों के परिचालन को लेकर उठ रहे सवालों पर क्या जवाब देता है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

