Giridih News : बेंगाबाद-नवडीहा मुख्य मार्ग पर देवाटांड़ के पास सोमवार की सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया. यहां ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई. मृतका की पहचान शाहिदा खातून के रूप में हुई है.
मिली जानकारी के अनुसार, शाहिदा अपने पति बसरूद्दीन अंसारी के साथ बाइक पर धोधो गांव से झबदाटांड़ जा रही थी. तभी तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी. हादसे में शाहिदा की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. जबकि बसरूद्दीन गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद नजदीकी अस्पताल भेजा गया.
भीड़ ने ट्रक का पीछा करते हुए उसे नवडीहा के पास पकड़ लिया. इसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर बेंगाबाद-नवडीहा मुख्य मार्ग जाम कर दिया और ट्रक चालक की गिरफ्तारी की मांग करने लगे. . सड़क जाम की सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और आक्रोशित ग्रामीणों को समझा बुझाकर स्थिति पर काबू में किया.
पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और ट्रक को जब्त कर चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी. फिलहाल पुलिस ट्रक चालक की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

