Bihar News : बेतिया के लौरिया थाना क्षेत्र में देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. यहां पराउ टोला बनकटवा के पास ट्रक से टक्कर बचाने के दौरान तेज रफ्तार बस सड़क किनारे चल रहे एक आर्केस्ट्रा कार्यक्रम में जा घुसी. हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई.
जबकि आधे दर्जन से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं. मृतकों की पहचान बनकटवा निवासी बहादुर महतो, संजय कुमार, भोला दुबे, देवेंद्र दुबे और छांगुर राम के रूप में हुई है. घायलों में विनय कुमार यादव, श्याम बाबू, मोती चंद्र महतो और नरेश राम समेत कई अन्य लोग शामिल हैं.
देवेंद्र दुबे की मौत से परिवार की खुशियों को मातम में बदल गई. बताया जा रहा है कि उनके बच्चे का छठियार कार्यक्रम चल रहा था. (बिहार की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें...)
छठियार की खुशियां मातम में बदलीं
बताया जा रहा है कि बनकटवा गांव में शत्रुघ्न दुबे के घर बच्चे के छठियार का कार्यक्रम चल रहा था. इसी मौके पर सड़क किनारे आर्केस्ट्रा का आयोजन किया गया था. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे.
इसी दौरान गोरखपुर की ओर से एक यात्री बस बेतिया की तरफ जा रही थी. दूसरी ओर से एक तेज रफ्तार ट्रक आ रहा था. पराउ टोला के पास दोनों वाहनों को बचाने की कोशिश में बस चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और बस सीधे कार्यक्रम में जा घुसी.
हादसे के बाद लोगों में गुस्सा
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. गुस्साए लोगों ने बस और ट्रक में तोड़फोड़ भी शुरू कर दी. हादसे की जानकारी मिलते ही लौरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची.
स्थिति बिगड़ती देख नरकटियागंज एसडीपीओ जयप्रकाश सिंह भी मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत कराया. वहीं स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को एंबुलेंस के जरिए बेतिया जीएमसीएच भेजा.
वहीं सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेतिया जीएमसीएच भेज दिया गया. फिलहाल पुलिस हादसे की जांच कर रही है और दुर्घटना के असली कारणों का पता लगाया जा रहा है. हादसे के बाद बनकटवा गांव में मातम छा गया है. मृतकों के परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

