Giridih News (tribal woman murdered accusations of witchcraft) : गिरिडीह के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के बासाबूदा गांव में डायन-बिसाही के आरोप में एक आदिवासी महिला की हत्या का मामला सामने आया है. मृतका की पहचान दुलारी देवी के रूप में हुई है. घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है.
मिली जानकारी के अनुसार, गोतिया परिवार के एक बच्चे की बीमारी के कारण मौत हो गई थी. इसके बाद दुलारी देवी पर डायन होने का आरोप लगाया जाने लगा. परिजनों का आरोप है कि शुक्रवार की रात गोतिया के कुछ लोग महिला के घर पहुंचे और उन्हें तथा उनके पति को घर से बाहर निकालकर जमकर मारपीट की.
इसे भी पढ़ें -
इस दौरान आरोपियों ने धारदार हथियार से महिला पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई. घटना के दौरान मौजूद मृतका की पोती ने भी अपनी आंखों के सामने दादी की हत्या किए जाने का आरोप लगाया है. घटना की सूचना मिलते ही मुफ्फसिल थाना पुलिस बल के साथ गांव पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी.
वहीं पुलिस ने मामले में दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी. डायन-बिसाही जैसे अंधविश्वास के कारण हुई इस घटना ने एक बार फिर ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता और सामाजिक सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

