Giridih: नगर थाना क्षेत्र में हुए दो अलग-अलग लूटकांडों का पुलिस ने खुलासा किया है. इस मामले में न्यू चुड़ी मोहल्ला निवासी 20 वर्षीय आरोपी अफरोज शेख को देवघर से गिरफ्तार किया गया, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है. गिरफ्तार आरोपी के निशानदेही पर लूटे गए मोबाइल, नकदी, पर्स, एटीएम व आधार कार्ड समेत बड़ी मात्रा में गांजा भी बरामद हुआ है.
नगर थाना में सदर एसडीपीओ जीतवाहन उरांव ने प्रेसवार्ता कर बताया कि, 11-12 अप्रैल की रात करीब 1 बजे बस स्टैंड रोड पर न्यू परिसदन भवन के पास राहगीरों से लूट की पहली घटना को अंजाम दिया गया था. वहीं, 16 अप्रैल की रात अमित कुमार लकड़ा से बैग, कपड़े व 8500 रुपये नगद छीनने की दूसरी घटना हुई थी.
उन्होंने बताया कि एसपी डॉ. बिमल कुमार के निर्देश पर गठित टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी को पकड़ा है. पुलिस की पूछताछ में आरोपी अफरोज शेख ने दोनों वारदातों में संलिप्तता कबूल की है. इसी सिलसिले में 25 अप्रैल को न्यू चुड़ी मोहल्ला में छापेमारी कर रवानी कुरैशी के घर से 1575 ग्राम गांजा, 50 नशीली गोलियां व 3000 रुपये बरामद किए गए. जिसके खिलाफ पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है. आरोपी फरार हैं.
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास लंबा है, उसके खिलाफ पूर्व में भी कई मामले दर्ज हैं.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

