Search

Advertisement
Advertisement
Advertisement

गोड्डा : ‘यास’ ने मचायी भारी तबाही, बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में 40 घर ध्वस्त, झमरिया नदी में बहे दो युवक

Advertisement
Advertisement

बाढ़ प्रभावित गांवों के सर्वेक्षण को लेकर पंचायत सेवकों और राजस्व कर्मचारियों का दौरा शुरू

प्रभावित होने वाले प्रखंडों में ठाकुरगंगटी और मेहरमा प्रमुखता से शामिल, प्रभावित परिवारों को आपदा राहत से मुआवजा भुगतान की तैयारी

Godda  : चक्रवातीय तूफान ‘यास’ से हुई मूसलाधार बारिश ने जिले के कई इलाकों में भारी तबाही मचायी है. प्रभावित होने वाले प्रखंडों में ठाकुरगंगटी प्रखंडी और मेहरमा प्रखंड प्रमुखता से शामिल हैं. दरअसल ‘यास’ के कारण शुक्रवार को साहिबगंज के माल मंडरो प्रखंड स्थित भोड़ा बराज टूटा गया. इससे ठाकुरगंगटी की कोवा नदी सहित उसकी सहायक नदियों का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर हो गया. सहायक नदियों में झमरिया नदी में नहाने के दौरान दो युवक बह गए. स्थानीय ग्रामीणों की मदद से दोनों युवकों का शव नदी से निकाला गया. स्थिति बिगड़ते देख शनिवार को पूरे दिन पंचायत सेवकों और राजस्व कर्मचारियों की टीम के साथ पंचायतवार बाढ़ प्रभावित गांवों को सर्वेक्षण कराने का काम शुरू हो गया है. प्रारंभिक चरण में अभी 40 घरों के ध्वस्त होने की रिपोर्ट आई है. रविवार को भी सर्वे के बाद सोमवार को जिला प्रशासन को क्षति रिपोर्ट बनाकर मुआवजा के लिए भेजा जाएगा. इसके बाद पीड़ित ग्रामीणों को मुआवजा की राशि दी जाएगी.

मिर्च, मूंग व अन्य फसलें बर्बाद हो गई

इधर मेहरमा प्रखंड में सौरीचकला, पिपरा, दासू चकला, डोमन चक, सुरनी, घासीचक, बदलाचक आदि गांवों में भी बाढ़ का पानी घुस गया था. शनिवार को पानी कम होने पर दर्जनों किसानों के खेत में लगी मिर्च, मूंग व अन्य फसलें बर्बाद हो गई. गांवों में गंदगी व कीचड़ बिखरा पड़ा है. बाढ़ के पानी से सौरीचकला पंचायत के किसानों को भी भारी नुकसान झेलना पड़ा है. खेतों में पानी जमा है. नदी में अभी भी पानी का तेज बहाव है.

चापाकल व कुआं का गंदा पानी पीने को मजबूर ग्रामीण

गांव का सभी चापाकल व कुआं का पानी गंदा हो गया है. ग्रामीण गंदा पानी पीने के लिए मजबूर हो रहे हैं. इससे बीमारी फैलने की आशंका है. प्रशासन से किसानों के बर्बाद फसल का मुआवजा तथा गांवों में ब्लीचिंग पाउडर के छिड़काव की मांग की है. सौरीचकला व सुरनी पंचायत में बाढ़ से हुई क्षति का सर्वे करने के लिए संबंधित पंचायत के राजस्व कर्मचारी क्रमश: घनश्याम चौहान व विजेंद्र बास्की को भेजा गया है. सर्वे रिपोर्ट आने के पश्चात मुआवजा के लिए अभिलेख तैयार कर जिला भेजा जाएगा.

ठाकुरगंगटी के 16 पंचायत और मेहरमा की दो पंचायत बाढ़ से प्रभावित

महागामा अनुमंडल एसडीओ जितेंद्र कुमार देव का कहना है कि ठाकुरगंगटी के 16 पंचायत और मेहरमा की दो पंचायत बाढ़ से प्रभावित हुई है. शनिवार को गांवों में पानी बह गया है. धीरे धीरे जनजीवन सामान्य हो रहा है. प्रखंड प्रशासन प्रभावित परिवारों का सर्वेक्षण कर रहा है. प्रभावित परिवारों को आपदा राहत से मुआवजा भुगतान की प्रक्रिया शुरू होगी.

[wpse_comments_template]

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही