Ranchi News: राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने दरभंगा हाउस में आयोजित कार्यक्रम में ‘फैटी लिवर फ्री रांची अभियान’ की शुरुआत की. इस मौके पर उन्होंने अभियान को जनस्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण पहल बताते हुए केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री एवं रांची के सांसद संजय सेठ को बधाई दी. साथ ही केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया और इंस्टीट्यूट ऑफ लिवर एंड बाइलियरी साइंसेज (ILBS) के निदेशक डॉ. शिव कुमार सरीन के प्रति आभार जताया. अभियान को सीएसआर के तहत सहयोग देने के लिए कोल इंडिया लिमिटेड की भी सराहना की.
राज्यपाल ने कहा कि बदलती जीवनशैली के कारण फैटी लिवर की समस्या तेजी से गंभीर स्वास्थ्य चुनौती बन रही है. इस बीमारी की शुरुआती अवस्था में अक्सर स्पष्ट लक्षण सामने नहीं आते. ऐसे में समय पर जांच और चिकित्सकीय सलाह बेहद जरूरी है. उन्होंने लोगों से खानपान में सुधार करने, नियमित व्यायाम करने और वजन नियंत्रित रखने की अपील की.
इसे भी पढ़ें:
उन्होंने कहा कि मोबाइल मेडिकल वैन के माध्यम से लोगों को शुरुआती जांच और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी उपलब्ध कराना इस अभियान की बड़ी विशेषता है. स्वस्थ नागरिक ही स्वस्थ समाज और विकसित राष्ट्र का आधार हैं. इसलिए लोगों को अपनी सेहत के प्रति जागरूक और सजग रहना चाहिए.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

