Gumla/Ranchi : शादी का झांसा देकर युवती के साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाने, वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी देने और उसके बैंक खाते से 15 लाख 17 हजार 468 रुपये अपने खाते में ट्रांसफर कराने के आरोप में गुमला पुलिस ने प्रभास्कर कुमार को रांची से गिरफ्तार किया.
इसे भी पढ़ें
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी युवक पीड़िता को रांची के पंडरा ओपी क्षेत्र के विकास नगर स्थित एक किराए के मकान में रखता था. पीड़िता ने पुलिस को दिए अपने बयान में आरोप लगाया है कि आरोपी उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाता था और इसका वीडियो भी बना रखा था.
पीड़िता के मुताबिक, विरोध करने पर आरोपी वीडियो वायरल करने की धमकी देता था. उसने अपने बयान में यह भी आरोप लगाया है कि आरोपी ने उसके बैंक खाते से 15,17,468 रुपये अपने खाते में ट्रांसफर कर लिए थे.
युवती के अनुसार, वर्ष 2024 में जब वह रांची स्थित सीयूजे के हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रही थी, उसी दौरान प्रभास्कर कुमार ने उसे शादी का झांसा देकर अपने जाल में फंसा लिया था. उस समय पीड़िता की उम्र 17 वर्ष थी.
मामले की जांच के सिलसिले में गुमला पुलिस रविवार देर शाम रांची पहुंची और छापेमारी कर आरोपी प्रभास्कर कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है. जांच पूरी होने के बाद मामले से जुड़े अन्य तथ्य सामने आने की संभावना है.

