Gumla News: अवैध बालू खनन और परिवहन के खिलाफ अनुमंडल पदाधिकारी अखिलेश कुमार के नेतृत्व में रविवार को विभिन्न मार्गों पर निरीक्षण एवं जांच अभियान चलाया गया. जांच के दौरान गुमला थाना अंतर्गत सिसई रोड, जशपुर रोड एवं पालकोट रोड क्षेत्र से अवैध बालू का परिवहन/उठाव करते हुए 4 ट्रैक्टरों को जब्त किया गया.
इसे भी पढ़ें:
जांच के दौरान सिसई रोड, पुगु करमडीपा के समीप दो ट्रैक्टरों को अवैध बालू का परिवहन करते हुए पकड़ा गया. वाहनों के चालकों के पास आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं पाए गए. दोनों वाहनों को जब्त कर गुमला थाने के हवाले कर दिया गया.
इसी प्रकार जशपुर रोड में निरीक्षण के दौरान एक ट्रैक्टर को अवैध बालू परिवहन करते हुए पकड़ा गया. इसके अलावा पालकोट रोड स्थित मरदा नदी के पास एक ट्रैक्टर को अवैध बालू का उठाव करते हुए दबोचा गया.
प्रारंभिक जांच के अनुसार जब्त किए गए वाहनों पर लगभग 360 सीएफटी बालू लदा पाया गया. मामले में संबंधित वाहन चालकों/वाहन स्वामियों के विरुद्ध खनन नियमों के तहत अग्रेतर कार्रवाई की प्रक्रिया की जा रही है.
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अवैध खनन अथवा बालू के अवैध परिवहन से संबंधित जानकारी मिलने पर इसकी सूचना संबंधित अधिकारियों को दें, ताकि प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के साथ-साथ राजस्व हितों की भी रक्षा सुनिश्चित की जा सके.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

