- गुमला के घाघरा में जनजातीय गौरव दिवस समारोह में जुटे आदिवासी
Gumla News : केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम ने कहा कि राष्ट्रीय जनजाति आयोग का गठन जनजातियों के सर्वांगीण विकास के लिए किया गया है. आयोग जनजातीय समाज की संस्कृति और परंपरा के संरक्षण, अधिकारों की रक्षा और बच्चों की शिक्षा के लिए लगातार काम कर रहा है. जुएल ओराम सोमवार को गुमला जिले के घाघरा में जनजातीय गौरव दिवस समारोह को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे.
इसे भी पढ़ें
घाघरा के एसएस हाई स्कूल मैदान में केंद्र सरकार और आयोग की ओर से आयोजित इस समारोह में राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष अनंत सिंह आर्य, सचिव प्रशांत कुमार सिंह, सदस्य डॉ. आशा लकड़ा, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुदर्शन भगत, समीर उरांव सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी शामिल हुए.
ओराम ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनजातीय गौरव दिवस के रूप में पूरे देश में मनाने की घोषणा की थी. उसके बाद से हर वर्ष पूरे देश में यह दिवस भव्य तरीके से मनाया जा रहा है. अपने पुराने अनुभवों को साझा करते हुए उन्होंने कहा कि 14 नवंबर 1999 को वे नीलकंठ सिंह मुंडा और सुदर्शन भगत के साथ बाइक से भगवान बिरसा मुंडा के गांव उलिहातू पहुंचे थे. वहां बिरसा मुंडा के परिवार से मिलने का अवसर मिला था.
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार जनजातीय समाज के विकास के लिए बड़े स्तर पर योजनाएं चला रही है. इस मद में दो लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि उपलब्ध कराई गई है. आज जनजातीय समाज के बच्चे आईआईटी, आईआईएम और इसरो जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में शिक्षा प्राप्त कर देश का नाम रोशन कर रहे हैं.
आयोग के अध्यक्ष अनंत सिंह आर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के 12 करोड़ से अधिक आदिवासियों के सर्वांगीण विकास की जिम्मेदारी आयोग को दी है. आदिवासी समाज के नाम पर राजनीति करने वालों को अब जवाब देने की जरूरत है. समाज को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होना होगा.
आयोग की सदस्य डॉ. आशा लकड़ा ने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस का कार्यक्रम रांची की बजाय घाघरा में आयोजित करने का निर्णय इसलिए लिया गया, ताकि जनजातीय समाज के बीच सीधे पहुंचकर उनके अधिकारों और समस्याओं पर चर्चा की जा सके. भगवान बिरसा मुंडा ने जल, जंगल और जमीन की रक्षा के साथ-साथ अन्याय के खिलाफ संघर्ष किया. समाज को भगवान बिरसा मुंडा के बताए रास्ते पर चलने की जरूरत है.
इससे पूर्व कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों ने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर और दीप जलाकर की. कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल और सुब्रतो कप में स्वर्ण पदक हासिल करने वाली चार बालिकाओं और उनके कोच को सम्मानित किया गया. इसके अलावा शहीदों की माताओं और पत्नियों को भी सम्मानित किया गया.
कार्यक्रम में गुमला जिला परिषद अध्यक्ष किरण माला बाड़ा, डीडीसी अनिमेष रंजन, भिखारी भगत, मिसिर कुजूर, सोमा उरांव, विपिन बिहारी सिंह, आशीष कुमार सोनी, तेजू महतो, सीमा देवी, अलका देवी, अमित ठाकुर, जगत ठाकुर, बच्चन चौरसिया सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

