- हाईकोर्ट ने 17 जुलाई 2025 के ATS की विशेष अदालत की जांच विस्तार आदेश को किया निरस्त
Ranchi: झारखंड हाईकोर्ट ने प्रतिबंधित आतंकी संगठन ‘हिज्ब उत-तहरीर’ (Hizb-ut-Tahrir) से जुड़े एक मामले में बड़ी राहत देते हुए धनबाद के पांच आरोपियों को डिफॉल्ट बेल प्रदान कर दी है. हाईकोर्ट की खंडपीठ ने गुलफाम हसन, अयान जावेद, शहजाद आलम, शबनम परवीन और मोहम्मद अम्मार यासर की ओर से दायर कुल 10 आपराधिक अपीलों को स्वीकार करते हुए निचली अदालत के आदेशों को रद्द कर दिया.
बिना नोटिस और बिना कारण बताए बढ़ा दी गई थी जांच की अवधि
मामले की सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ताओं की ओर से अदालत को बताया कि एटीएस (ATS) की विशेष अदालत ने 17 जुलाई 2025 को जांच की अवधि को 60 दिनों के लिए बढ़ा दिया था. इस आदेश से पहले न तो आरोपियों को कोई नोटिस जारी किया गया और न ही अवधि बढ़ाने के पीछे कोई ठोस कारण बताया गया. मैकेनिकल तरीके से पारित इस आदेश के आधार पर बाद में अगस्त और सितंबर 2025 में आरोपियों की डिफॉल्ट बेल याचिकाएं भी खारिज कर दी गईं.
इसे भी पढ़ें -
सुप्रीम कोर्ट के फैसले का दिया गया हवाला
खंडपीठ ने सुप्रीम कोर्ट के एक फैसले का हवाला देते हुए कहा कि आरोपियों को नोटिस और आपत्ति दर्ज कराने का अवसर दिए बिना जांच की अवधि बढ़ाना पूरी तरह अवैध और मनमाना है. हाईकोर्ट ने 17 जुलाई 2025 के जांच विस्तार आदेश को निरस्त कर दिया. अदालत ने स्पष्ट किया कि जांच विस्तार का आदेश रद्द होते ही आरोपियों का डिफॉल्ट बेल का अधिकार स्वतः जीवित हो जाता है, क्योंकि तय समयसीमा के भीतर पुलिस द्वारा चार्जशीट दाखिल नहीं की गई थी.
क्या है पूरा मामला
झारखंड एटीएस को गुप्त सूचना मिली थी कि हिज्ब-उत-तहरीर, अल-कायदा (AQIS) और आईएसआईएस (ISIS) जैसे प्रतिबंधित संगठन कुछ मोबाइल नंबरों के जरिए राज्य के युवाओं को कट्टरपंथी बनाकर देशविरोधी गतिविधियों से जोड़ रहे हैं. इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए एटीएस ने छापेमारी की थी और 26 अप्रैल 2025 को धनबाद निवासी गुलफाम हसन, अयान जावेद, शहजाद आलम, शबनम परवीन और मोहम्मद अम्मार यासर को गिरफ्तार किया था. इनके पास से देसी पिस्तौल, कारतूस और संदिग्ध डिजिटल साक्ष्य बरामद होने का दावा किया गया था, जिसके बाद एटीएस थाना कांड संख्या 06/2025 के तहत यूएपीए (UAPA), आर्म्स एक्ट और बीएनएस (BNS) की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई थी.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.


