Search

 
 
 

अजय तिर्की पर केस की तैयारी में थी निशा भगत, मौत से पहले मांगी थी कानूनी सलाह

अधिवक्ता ने सीबीआई को बताया कि दूसरी बार फोन आने के दौरान वह एयरपोर्ट के लिए रास्ते में थे. सड़क पर होने के कारण उन्हें निशा की बात ठीक से सुनाई नहीं दे रही थी. उन्होंने एयरपोर्ट पहुंचने के बाद दोबारा बात करने की बात कहकर फोन काट दिया. बाद में उन्होंने खुद निशा को कॉल किया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो पाया.
 
फाइल फोटो
  • मौत से पहले निशा भगत ने अधिवक्ता शिशिर राज से मांगी थी कानूनी सलाह,
  • CBI ने दर्ज किया बयान

Ranchi: आदिवासी नेत्री निशा भगत की मौत की जांच में सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता शिशिर राज का बयान अहम कड़ी बन सकता है. मौत से कुछ घंटे पहले निशा ने उन्हें फोन कर अजय तिर्की के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने के संबंध में सलाह मांगी थी. इस सिलसिले में रविवार को सीबीआई ने अधिवक्ता शिशिर राज से पूछताछ की और उनका बयान दर्ज किया. उन्होंने जांच अधिकारियों को निशा के साथ हुई बातचीत से लेकर उसके बाद की घटनाओं तक की जानकारी दी.


शिशिर राज के अनुसार, निशा भगत ने पहली बार फोन कर अजय तिर्की के खिलाफ केस दर्ज कराने को लेकर कानूनी राय मांगी थी. उन्होंने निशा से कहा था कि पहले पूरे मामले को समझेंगे. इसके बाद ही कानूनी पहलुओं पर उन्हें जानकारी दे सकेंगे. कुछ समय बाद निशा ने दोबारा फोन किया.


एयरपोर्ट जाते समय आया था दूसरा फोन

अधिवक्ता ने सीबीआई को बताया कि दूसरी बार फोन आने के दौरान वह एयरपोर्ट के लिए रास्ते में थे. सड़क पर होने के कारण उन्हें निशा की बात ठीक से सुनाई नहीं दे रही थी. उन्होंने एयरपोर्ट पहुंचने के बाद दोबारा बात करने की बात कहकर फोन काट दिया. बाद में उन्होंने खुद निशा को कॉल किया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो पाया. इसी बीच उन्हें निशा की मौत की सूचना मिली. उन्होंने दूसरे माध्यम से भी इस खबर की पुष्टि की.
सीबीआई अधिकारियों ने शिशिर राज से बातचीत का समय, उसकी परिस्थितियों और निशा की ओर से मांगी गयी कानूनी सलाह के बारे में विस्तार से जानकारी ली. जांच टीम का नेतृत्व कर रहे दिल्ली के डीआईजी ने भी उनसे पूछताछ की.

इसे भी पढ़ें -

 

निशा की मौत को लेकर जताया संदेह

पूछताछ के दौरान शिशिर राज ने कहा कि उन्हें यह विश्वास करना मुश्किल लग रहा है कि इतनी बोल्ड महिला आत्महत्या कर सकती है. मौत से कुछ घंटे पहले तक निशा कानूनी लड़ाई लड़ने के लिए सलाह मांग रही थीं. ऐसे में अधिवक्ता के साथ उनकी आखिरी बातचीत जांच के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है.


फेसबुक लाइव में लगाये थे गंभीर आरोप

निशा भगत ने छह नवंबर को कथित तौर पर आत्महत्या कर ली थी. मौत से पहले उन्होंने फेसबुक लाइव के जरिये झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेतृत्व वाली राज्य सरकार और जमीन कारोबार से जुड़े लोगों पर उत्पीड़न के आरोप लगाये थे. उनके माता-पिता और झारखंड आंदोलन से जुड़े कार्यकर्ता आनादु भगत ने भी मौत के पीछे साजिश की आशंका जतायी थी. परिवार ने मामले की सीबीआई जांच की मांग की थी.


इसके बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मामले की सीबीआई जांच का आदेश दिया था. जांच अपने हाथ में लेने के बाद सीबीआई ने अजय तिर्की और ज्योत्सना केरकेट्टा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की. अब जांच एजेंसी मौत से पहले निशा के संपर्क में रहे लोगों से पूछताछ कर घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है.


राष्ट्रीय महिला आयोग ने भी की थी पहल

मामले में राष्ट्रीय महिला आयोग ने सात नवंबर को स्वतः संज्ञान लिया था. आयोग ने संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध जांच करने और सात दिनों के भीतर कार्रवाई की विस्तृत रिपोर्ट देने का निर्देश दिया था. आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने भी मामले की जानकारी लेने के लिए रांची का दौरा किया था.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही