Ranchi: झारखंड विधानसभा का दो दिवसीय विशेष सत्र शुरू होने से पहले राज्य की सियासत गरमा गयी है. 25 और 26 नवंबर को होने वाले इस सत्र में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच कई मुद्दों पर तीखी बहस होने के आसार हैं. सदन में एसआईआर और खनिज एवं खनिज विकास विनियमन (एमएमडीआर) संशोधन अधिनियम को लेकर सरकार और विपक्ष आमने-सामने हो सकते हैं. सत्र की रणनीति तय करने के लिए सोमवार को दोनों पक्षों के विधायक दल की अलग-अलग बैठकें होंगी.
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सोमवार को सत्तारूढ़ गठबंधन के मंत्रियों और विधायकों के साथ ऑनलाइन बैठक करेंगे. इसमें झामुमो, कांग्रेस, राजद और वाम दलों के विधायक शामिल होंगे. बैठक में विशेष सत्र के दौरान सरकार का पक्ष रखने, विपक्ष के सवालों का जवाब देने और गठबंधन के विधायकों के बीच समन्वय बनाने पर चर्चा होगी.
वहीं भाजपा विधायक दल की बैठक सोमवार 04.30 बजे भाजपा प्रदेश कार्यालय में बुलायी गयी है. इसमें नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी समेत पार्टी के विधायक शामिल होंगे. बैठक में विशेष सत्र के दौरान सरकार को घेरने की रणनीति तैयार की जायेगी. एसआईआर, राज्य की कानून-व्यवस्था और अन्य राजनीतिक मुद्दों पर सरकार से जवाब मांगने की तैयारी है.
इसे भी पढ़ें -
एमएमडीआर और एसआईआर पर होगी विशेष चर्चा
विशेष सत्र में केंद्र सरकार के एमएमडीआर संशोधन कानून और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) पर विशेष चर्चा प्रस्तावित है. राज्य सरकार का मानना है कि एमएमडीआर संशोधन से खनिज संपदा पर राज्य के आर्थिक हित प्रभावित होंगे. सरकार इस मुद्दे पर सदन में विरोध प्रस्ताव लाकर केंद्र को भेजने की तैयारी में है. वहीं एसआईआर के तहत मतदाता सूची से पात्र नागरिकों के नाम हटने की आशंका को लेकर भी सरकार अपनी चिंता रखेगी.
दूसरी ओर, भाजपा इन मुद्दों पर सरकार के रुख और उसके तर्कों को चुनौती दे सकती है. ऐसे में सदन के भीतर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज होने की संभावना है.
निशा भगत प्रकरण भी बन सकता है मुद्दा
विशेष सत्र के दौरान आदिवासी कार्यकर्ता निशा भगत की मौत का मामला भी राजनीतिक बहस का हिस्सा बन सकता है. विपक्ष इस मामले में सरकार से जवाब मांग सकता है. इसके अलावा राज्य की कानून-व्यवस्था और अन्य जनहित के मुद्दों पर भी सदन में सवाल उठ सकते हैं. दोनों पक्षों की आज होने वाली बैठकों के बाद विशेष सत्र के लिए उनकी रणनीति और स्पष्ट होगी.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

