Lagatar Desk : निशा भगत, झारखंड की एक आदिवासी नेता. एक सामाजिक कार्यकर्ता. उनकी मौत का मामला अब भी सुर्खियों में हैं. सीबीआई ने मामले की जांच शुरू कर दी है. ऐसे वक्त में यह जानना जरूरी है कि निशा भगत कौन थी, उसकी मौत किन हालातों में हुई. मामले की जांच कहां तक पहुंची और किस तारीख को क्या हुआ?
इसे भी पढ़ें...
सबसे पहले निशा भगत के बारे में जानते हैं. निशा भगत की उम्र तकरीबन 38-39 साल होगी. वह गुमला जिले की मूल निवासी थीं और रांची में पिठोरिया थाना क्षेत्र के डहुटोला में रहती थीं. वह जल-जंगल-जमीन, सरना धर्म कोड, पेसा कानून, आदिवासी जमीन अधिकारों, CNT Act और धर्म परिवर्तन विरोधी मुद्दों को लेकर सक्रिय रहती थीं.
2024 के विधानसभा चुनाव में वह गुमला सीट से JLKM के टिकट पर चुनाव लड़ीं. चुनाव में वह हार गयीं. उनके पिता भी झारखंड आंदोलन से जुड़े रहे थे. निशा भगत को जुलाई 2026 में RIMS अतिक्रमण विरोध से जुड़े मामले में हाईकोर्ट से अग्रिम जमानत मिली थी.
कब क्या हुआ
- 6 नवंबर 2026: रांची के पिठोरिया स्थित आवास से लगभग 10-11 मिनट का फेसबुक लाइव किया. इसमें सरकार, जमीन दलालों, जमीन माफिया और प्रशासन पर प्रताड़ना या उत्पीड़न का आरोप लगाया. लाइव के बाद उसने खुद को खत्म कर लिया.
यह खबर आग की तरह फैली. पुलिस ने घर पर पहुंच कर उनके शव को कब्जे में करके पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेजा. पुलिस को निशा के घर में कोई सुसाइड नोट नहीं मिला. पुलिस ने शुरुआत में इसे आत्महत्या का मामला माना और जांच शुरू की.
- 7 नवंबर 2026: निशा भगत के पिता हंदू भगत ने पिठोरिया थाने में लिखित शिकायत दी. शिकायत के आधार पर केंद्रीय सरना समिति के अध्यक्ष अजय तिर्की और आदिवासी नेता ज्योत्सना केरकेट्टा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 108, यानी आत्महत्या के लिए उकसाना और 61(2) यानी, आपराधिक षड्यंत्र करना, के तहत FIR दर्ज की गई.
सात नवंबर को ही शव का अंतिम संस्कार गुमला के पैतृक गांव उरु में किया गया. जिसके साथ ही सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन भी शुरू हो गया. राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) ने स्वतः संज्ञान लिया और कार्रवाई रिपोर्ट मांगी.
- 8-9 नवंबर 2026: रांची पुलिस ने पूरे मामले की जांच की जिम्मेदारी डीएसपी अमर कुमार पांडेय को सौंपी. पुलिस की एक टीम गुमला स्थित निशा भगत के पैतृक गांव भी पहुंची, जहां उनके पिता ने पुलिस को बयान देने से मना कर दिया.
इधर, मख्य विपक्षी दल भाजपा और आदिवासी संगठनों ने पूरे मामले की CBI जांच कराने और प्राथमिकी में आरोपी बनाये गये लोगों को गिरफ्तार करने की मांग को तेज कर दी. राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग (NCST) भी सक्रिय हुआ. NCST ने राज्य सरकार और पुलिस से 7 दिन में रिपोर्ट मांगी. आदिवासी संगठनों ने गिरफ्तारी न होने पर चरणबद्ध आंदोलन और झारखंड बंद की चेतावनी दी.
- 10 नवंबर 2026: रांची के एसएसपी ने पूरे मामले में लापरवाही बरतने की वजह से पिठोरिया थाना प्रभारी सतीश कुमार पांडेय को पद से हटाकर पुलिस लाइन भेजा गया.
दस नवंबर की रात ही मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने निशा भगत की मौत के मामले में CBI जांच की अनुशंसा करने का निर्देश अधिकारियों को दिया. जिसके बाद राज्य सरकार ने DSPE Act की धारा 6 के तहत अधिसूचना जारी की.
- 12 नवंबर 2026: NCW चेयरपर्सन विजया रहाटकर ने कहा कि केवल CBI को जांच सौंप देना राज्य सरकार की जिम्मेदारी पूरी नहीं करता.
- 14 नवंबर 2026: केंद्र के कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) ने एक अधिसूचना जारी कर पूरे मामले की जांच नई दिल्ली स्थित CBI की स्पेशल क्राइम ब्रांच-I को सौंपी. जिसके बाद सीबीआई ने कांड संख्या - RC0482026S0007 दर्ज किया.
- 16 नवंबर 2026: CBI ने औपचारिक रूप से जांच अपने हाथ में ली. सीबीआई की तीन टीमें रांची पहुंची. एक टीम अजय तिर्की के घर पर, दूसरी ज्योत्सना केरकेट्टा के घर पर तीसरी निशा भगत के घर पर पहुंची.
CBI की टीम अजय तिर्की के घर पर सात-आठ घंटे तक रुकी. पूछताछ की, बयान दर्ज किया. दस्तावेज और डिजिटल साक्ष्य जब्त किए. ज्योत्सना केरकेट्टा के घर पहुंची टीम ने भी उनका बयान दर्ज किया. जबकि तीसरी टीम ने निशा भगत के घर पर पहुंच कर क्राईम सीन को रीक्रिएट किया.
बहरहाल, सीबीआई की टीम अब भी रांची में मौजूद है. इस मामले में सीबीआई ने तेजी से जांच शुरू की है. निशा भगत के परिवार को उम्मीद है कि उन्हें न्याय मिलेगा. सीबीआई ने अब तक यह जानकारी नहीं दी है कि जांच किस नतीजे पर पहुंची है. पर, यह उम्मीद की जा रही है कि आने वाले कुछ हफ्तों में यह जांच आगे बढ़ेगा और नए खुलासे हो सकते हैं.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

