Gumla News : गुमला में दुर्गा पूजा शांति व सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है. डीसी दिलेश्वर महतो ने शनिवार को गुमला शहरी क्षेत्र के विभिन्न पूजा पंडालों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया. उन्होंने पूजा पंडालों में भीड़ प्रबंधन, अग्नि सुरक्षा, श्रद्धालुओं के आवागमन और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों का मुआयना किया. संबंधित अधिकारियों व पूजा समितियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए.
इसे भी पढ़ें
इस दौरान डीसी ने पुराना बस डिपो, दुंदरिया स्थित पूजा पंडाल, भारतीय नवयुवक संघ, बड़ा दुर्गा मंदिर व दुर्गाबाड़ी के पूजा पंडालों का जायजा लिया. उन्होंने पूजा समितियों को पंडालों में सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. कहा कि भीड़ को नियंत्रित करने और किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए विशेष सतर्कता बरतना आवश्यक है. मौके पर डीडीसी अनिमेष रंजन, अपर समाहर्ता राजीव नीरज, एसडीओ अखिलेश कुमार, भूमि सुधार उप समाहर्ता राजीव कुमार, नगर परिषद के पदाधिकारी, गुमला थाना प्रभारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

