Gumla News : पूरा गुमला जिला मां दुर्गा की भक्ति में लीन है. शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक पूजा पंडालों में मां दुर्गा के जयकारे गूंज रहे हैं. भक्ति गीतों और शंखध्वनि से वातावरण भक्तिमय बना हुआ है. पूजा पंडालों में बेलवरण पूजा के साथ आदिशक्ति मां भवानी को विधिवत निमंत्रण दिया गया. इसके बाद देर शाम विशेष आरती और पूजा-अर्चना की गई.
इसे भी पढ़ें
शनिवार को महासप्तमी के अवसर पर श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए शहर के प्रमुख दुर्गा पूजा पंडालों के पट खोल दिए गए. मां दुर्गा के दर्शन के लिए भक्तों में विशेष उत्साह दिखा. पूजा समितियों की ओर से पंडालों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है. श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक तैयारियां की गई हैं.
सप्तमी पर मां दुर्गा की नवपत्रिका को विधि-विधान के साथ डोली में सजाकर शहर के मुरली बगीचा तालाब ले जाया गया, जहां स्नान की परंपरा पूरी की गई. स्नान के बाद नवपत्रिका को पुनः डोली में ससम्मान मंदिर परिसर लाया गया. इसके पश्चात आचार्यों द्वारा विधि-विधान से माता रानी का नेत्रदान और महाप्राण प्रतिष्ठा का अनुष्ठान संपन्न कराया गया. सभी धार्मिक अनुष्ठान पूरे होने के बाद श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए मां के कपाट खोल दिए गए .
सुरक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट
त्योहार के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए जिला पुलिस-प्रशासन पूरी तरह सतर्क है. पूजा पंडालों और प्रमुख चौक-चौराहों पर दंडाधिकारियों के साथ पर्याप्त संख्या में सशस्त्र बल और महिला होमगार्ड की तैनाती की गई है. असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए पुलिस की विशेष टीम सादे कपड़ों में भी निगरानी कर रही है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

