Gumla News: गुमला जिले के उपायुक्त दिलेश्वर महतो की अध्यक्षता में मंगलवार को साप्ताहिक जन शिकायत निवारण दिवस का आयोजन किया गया. जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों नागरिकों ने उपायुक्त को आवेदन सौंप अपनी समस्याएं रखी. उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को आवेदनों की जांच कर प्राथमिकता के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया.
इसे भी पढ़ें:
जिले के विभिन्न सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में कार्यरत ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट के कर्मियों ने पिछले छह माह से लंबित मानदेय के भुगतान की मांग की. कर्मियों ने बताया कि उन्हें अब तक केवल तीन माह का मानदेय प्राप्त हुआ है, जबकि शेष मानदेय लंबित है. उन्होंने कहा कि आर्थिक कठिनाइयों के बावजूद वे स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन में लगातार अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं. उपायुक्त ने संबंधित विभाग को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया.
स्वास्थ्य विभाग में घाघरा के ब्लॉक पब्लिक हेल्थ मैनेजर राहुल कुमार ने आवेदन देकर बताया कि पिछले तीन वर्षों से उन्हें नियमानुसार वार्षिक वेतन वृद्धि का लाभ नहीं मिला है. उन्होंने लंबित वेतन वृद्धि के साथ एरियर का भुगतान कराने का अनुरोध किया. उपायुक्त ने संबंधित विभाग को नियमानुसार मामले का निष्पादन करने का निर्देश दिया.
गुमला के छोटा खंटगा निवासी आवेदक ने रास्ते की घेराबंदी हटाने की मांग की. आवेदन में बताया गया कि पूर्व में राजस्व कर्मचारी एवं अमीन द्वारा रास्ते की जांच एवं मापी की जा चुकी है, लेकिन अब तक आगे की कार्रवाई नहीं हुई है. उपायुक्त ने मामले की वर्तमान स्थिति की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया.
टेंगरिया, पालकोट निवासी महाबीर सिंह एवं मंगरी देवी ने पैतृक रैयती भूमि से संबंधित शिकायत प्रस्तुत की. उन्होंने आरोप लगाया कि संयुक्त हिस्सेदारी वाली भूमि के संबंध में नीलमणि सिंह, पिता स्वर्गीय हरिनारायण सिंह के नाम भू-धारण प्रमाण पत्र निर्गत किया गया है. आवेदकों ने उक्त प्रमाण पत्र को निरस्त करने का अनुरोध किया. उपायुक्त ने राजस्व अभिलेखों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई का निर्देश दिया.
टेंगरा, बसिया निवासी वीर शहीद संतोष गोप के पिता जीतू गोप ने शहीद परिवार के लिए पूर्व में घोषित सरकारी नौकरी एवं भूमि उपलब्ध कराने की मांग रखी. उन्होंने टैसेरा मोड़ स्थित शहीद संतोष गोप की क्षतिग्रस्त प्रतिमा की मरम्मत एवं सौंदर्यीकरण, शहीद चौक पर प्रकाश व्यवस्था और सीसीटीवी लगाने तथा प्रतिमा को क्षति पहुंचाने वालों के विरुद्ध कार्रवाई का भी अनुरोध किया. उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को मामले में संवेदनशीलता के साथ आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया.
हेठआदर, घाघरा निवासी लक्ष्मण उरांव ने शिकायत की कि उनकी पांच एकड़ भूमि में लगी धान की फसल पर कथित रूप से जहरीले रसायन का छिड़काव कर फसल को नुकसान पहुंचाया गया, जिससे लगभग डेढ़ लाख रुपये की क्षति हुई. आवेदन में गोविंदा उरांव पर आरोप लगाया गया है. उपायुक्त ने मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई का निर्देश दिया.
सुरसा, पुसो निवासी रामावतार सिंह ने सिसई अंचल में भूमि के म्यूटेशन से संबंधित शिकायत रखी. उन्होंने पूर्व में म्यूटेशन अस्वीकृत किए जाने के बावजूद बाद में उसी विवादित भूमि का म्यूटेशन स्वीकृत किए जाने पर जांच की मांग की. साथ ही अंतिम निर्णय तक संबंधित भूमि पर राजस्व कार्रवाई रोकने एवं परिवार की सुरक्षा का अनुरोध किया. उपायुक्त ने मामले की अभिलेखीय जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए.
उपायुक्त ने कहा कि जन शिकायतों का निष्पक्ष, संवेदनशील एवं समयबद्ध निष्पादन जिला प्रशासन की प्राथमिकता है. सभी संबंधित पदाधिकारी प्राप्त आवेदनों पर गंभीरता से कार्रवाई करते हुए आवेदकों को नियमानुसार राहत उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

